EXCLUSIVE : सुकमा-कोंटा नेशनल हाईवे में फंसी रही गाड़ियां, मरीज को खाट में लादकर पहुंचाया अस्पताल..!
कोंटा @ खबर बस्तर। सुकमा कोंटा के बीच नेशनल हाईवे की दुर्दशा के चलते रोजाना शर्मसार कर देने वाले दृश्य देखने को मिल रहे हैं। खासकर कोंटा से दोरनापाल के बीच सड़क की हालत इतनी खस्ताहाल है कि आये दिन यहां गाड़ियां फंसने से जाम की स्थिति बन जाती है। बस्तर को दक्षिण भारत से जोड़ने वाले इस व्यस्ततम मार्ग पर वाहनों की कतारें तो कई दिनों से लगी है पर एम्बुलेंस, संजीवनी एक्सप्रेस एवं महतारी एक्सप्रेस जैसे विशेष वाहन भी जाम में फंसने से मरीज़ों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
ऐसा ही एक वाक्या गुरूवार को नजर आया जब सड़क पर लंबा जाम लगा हुआ था। कई गाड़ियां कीचड़ में फंसी थी। दर्जनों वाहनों के पहिए थमे रहे। ऐसे में एक बीमार ग्रामीण महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में परिजनोें को दिक्कतें उठानी पड़ी। आवागमन बंद होने से खाट में लिटाकर परिजन अस्पताल तक लेकर पहुंचे।
बता दें कि सुकमा कोंटा मार्ग पर सफर कर रहे लोगोें को रोज ऐसे हालातों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में कीचड़ के चलते सड़क बदहाल हो चुका है। जगह जगह पर गाड़ियां फंस रही है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा मुसाफिरों को राहत पहुंचाने कोई पहल नहीं ही जा रही है, जिसे लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।


