October 2017
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा छत्तीसगढ़ में 'मिशन- 65' का लक्ष्य लेकर चल रही है। हाल ही में रायपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने साफ किया था कि प्रदेश में इस बार 65 सीटों से कम में काम नहीं चलने वाला। 90 में से 65 सीटें जीतने के लिए पार्टी ने प्रदेश भर में साल भर पहले से ही तैयारियां भी शुरू कर दी है। लेकिन दंतेवाड़ा में भाजपा की चुनावी तैयारियों को देखकर लगता नहीं कि पिछले चुनाव में मिली हार से संगठन ने कोई सबक लिया हो।
भाजपा कार्यसमिति की बैठक में सांसद पहुंचे न प्रभारी मंत्री, नेताओं की उपेक्षा से कार्यकर्ताओं में दिखी मायूसी
         दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। सोमवार को भाजपा के जिला कार्यालय में विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर हुई कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मायूसी साफ झलक रही थी। दरअसल, पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप के पहुंचने की उम्मीद कर रहे थे। लिहाजा बैठक में कश्यप बंधुओं की गैर मौजूदगी कार्यकर्ताओं को खटक रही थी। 
दबी जुबां से बोले कार्यकर्ता- संगठन की बैठकों को तवज्जो नहीं देते प्रभारी मंत्री 
       हालांकि, संगठन के जिला प्रभारी शरद अवस्थी बैठक में जरूर मौजूद रहे। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसकर तैयार रहने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरने की भरकस कोशिश भी की। लेकिन इसी बीच बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच सुगबुगाहट शुरु हो गई। यह सुगबुगाहट सांसद दिनेश कश्यप और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप को लेकर थी। दबी जुबां से कार्यकर्ताओं का कहना था कि सांसद का इस बैठक में आना पूर्व निर्धारित था। उनके नहीं आने से कार्यकर्ताओं का निराश होना स्वाभाविक है। वहीं कई कार्यकर्ता इस बात की उम्मीद लगाए बैठे थे कि सीएम ने केदार को एक बार फिर जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है तो इस बार वे जरूर बैठक में पहुंचेंगे।
कईयों का तो कहना था कि जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप  संगठन की बैठकों को तवज्जो नहीं देते। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस बार फिर जिले का प्रभारी बनाया है पर उनकी उदासीनता से कार्यकर्ता अपने आप को अकेला महसूस कर रहे हैं। कार्यकर्ता अब मानने से परहेज नहीं करते कि कांग्रेस समेत दीगर सियासी पार्टियों का जनाधार इस विधानसभा में लगातार बढ़ रहा है। इसके मुकाबले भाजपा अभी भी अंतर्कलह व गुटबाजी के भंवर में फंसी हुई है।  
       बता दें कि संगठन की कमजोरी की वजह से ही पिछली दफा के चुनाव में भाजपा को शिकस्त झेलनी पड़ी थी। नेताओं के बीच पनपा अविश्वास, अंर्तकलह और भीतरघात पार्टी को ले डूबा था। इस बार भी संगठन के हालात पहले से बेहतर होने का दावा करने की स्थिति में कोई नहीं है। बल्कि इस बार तो टिकट के संभावित दावेदारों की फेहरिस्त भी लंबी होने की बात कही जा रही है। 
     कई नए-पुराने चेहरे अभी से टिकट की दौड़ में लगे हैं। दूसरी ओर संगठन में जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की बजाय मौकापरस्त लोगों का ही बोलबाला है। चुनाव के लिए अब चंद महीने ही शेष रह गए हैं, ऐसे में सत्ता व संगठन से जुड़े नेताओं की बेरूखी और कार्यकर्ताओं से दूरी पार्टी के लिए घातक साबित हो सकती है।
पहले लंच किया फिर फूंका भूपेश बघेल का पुतला :   भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में जिले भर से कार्यकर्ता व पदाधिकारी पहुंचे थे। इन्होंने पहले लंच किया फिर इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के पुतला दहन की रस्म अदायगी की गई। इस सामूहिक भोज को भाजपा के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल की तेरहवीं बताया। भाजपा नेताओं का कहना था कि पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत की साफ-सुथरी छवि को कांग्रेस सीडी काण्ड के जरिये धूमिल करना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस की साजिश नाकाम हो गई। मंत्री की कथित सेक्स सीडी की सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। जनता भी कांग्रेस की गंदी राजनीति को समझ चुकी है। 
      बैठक में जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सोनी, पूर्व विधायक भीमा मंडावी, रामबाबू गौतम, चैतराम अटामी, नवीन विश्वकर्मा, श्रीकुमार सिंह, नंदलाल मुडामी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, कुलदीप ठाकुर, दुर्गासिंह चौहान, महेंद्र अधिकारी, सुमित भदौरिया, महावीर माहेश्वरी, कुणाल ठाकुर, इंद्रा शर्मा, लता मरकाम, मीरा, माया अधिकारी, आरपी नाहक सहित बड़ी संख्या में भाजपा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

Exclusive : यहां रेलवे ट्रेक पर दिखाई दिया तेंदुआ, जानिए वायरल हो रही तस्वीरों का क्या है सच..!
        न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। वाट्सअप व फेसबुक पर बीते दो दिनों से कुछ तस्वीरें वायरल हो रही है, जिसमें एक तेंदुआ रेलवे ट्रेक के पास से गुजरता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों में कहा जा रहा है कि यह घटना दक्षिण बस्तर के बचेली के पास की है। 
Exclusive : यहां रेलवे ट्रेक पर दिखाई दिया तेंदुआ, जानिए वायरल हो रही तस्वीरों का क्या है सच..! 2
      वायरल तस्वीरों को लेकर लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कुछ लोग इसे दंतेवाड़ा-किरन्दुल के बीच केके रेललाइन की बता रहे हैं, तो कुछ नागपुर की। तस्वीरों ने लोगों का ध्यान इसलिए भी खींचा है क्योंकि बस्तर के जंगलों में अब पहले जैसे वन्य प्राणी नजर नहीं आते। लिहाजा लोगों की दिलचस्पी इन तस्वीरों को लेकर दिख रही है। 
Exclusive : यहां रेलवे ट्रेक पर दिखाई दिया तेंदुआ, जानिए वायरल हो रही तस्वीरों का क्या है सच..! 3
      बता दें कि बस्तर के बीहड़ों में गाहे-बगाहे भालू, तेंदुआ, हिरन, नील गाय जैसे वन्य प्राणी लोगों को नजर आ जाते हैं। हाल ही में गीदम-बीजापुर मार्ग पर भी तेंदुए को देखे जाने की खबरें आयी थी। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रेलवे ट्रेक पर दिखाई देने वाला जानवर तेंदुआ है अथवा बाघ। इसे लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे ​हैं। बहरहाल, वायरल तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रही है। हालांकि, रेलवे ट्रेक पर तेंदुआ दिखाई देने संबंधी दावे का 'खबर बस्तर डॉट कॉम' पुष्टि नहीं करता है। 
जिले के अंदरूनी इलाकों में प्रशासन ने बढ़ाया फोकस
 बासागुड़ा पोटाकेबिन में कलेक्टर ने बच्चों के साथ गुजारी रात, बच्चों को दी सीख- 'एजुकेशन से ही होगी क्षेत्र की तरक्की'
        बीजापुर @ खबर बस्तर। जिला प्रशासन ने बारिश खत्म होते ही जिले के अंदरूनी एवं धुर नक्सल प्रभावित गांवों की ओर अपना फोकस बढ़ा दिया है। माओवाद प्रभावित उसूर ब्लाॅक के बासागुड़ा, लिंगागिरी, तर्रेम एवं कोरसागुड़ा में योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत जानने शुक्रवार को कलेक्टर डाॅ अयाज तंबोली ने दौरा किया। इस दौरान बासागुड़ा में उन्होंने रात गुजारी और बच्चों को उच्च शिक्षा पाने प्रेरित किया।
धुर नक्सल प्रभावित गांवों में सरकारी काम की रफ्तार तेज करने मुहिम
       कलेक्टर डाॅ अयाज तंबोली ने शुक्रवार को लिंगागिरी का दौरा किया। इस गांव में प्रशासन की ओर से पहले ही सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है, लेकिन गांव के लोगों ने इसके अलावा विद्युत वितरण कंपनी की ओर से भी बिजली का कनेक्शन दिए जाने की मांग की। तर्रेम और कोरसागुड़ा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जगरगुण्डा मार्ग की प्रगति देखी। सड़क निर्माण तेज  करने उन्होंने विभागीय अफसरों के अलावा सीआरपीएफ केे अफसरों व गांव के लोगों से बातचीत की। 
अपने दौरे में उन्होंने बासागुड़ा बालक आवासीय विद्यालय में रात का भोजन किया और बच्चों से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को आगे पढ़ाई करने प्रेरित करते कहा कि सरकार की ओेर से डाॅक्टर व इंजीनियर बनने सुविधा दी जाती है। इसका लाभ उठाने की सलाह उन्होंने बच्चों को देते कहा कि ये पिछड़ा इलाका है और शिक्षा की बदौलत ही इस क्षेत्र का विकास हो सकता है। 
      गांव के लोगों से उन्होंने राशन की सप्लाई की स्थिति के बारे में पूछताछ की। चिंताकोण्टा में डीएव्ही स्कूल के भवन निर्माण की धीमी गति पर कलेक्टर ने इंजीनियर व ठेकेदार पर नाराजगी जाहिर की। डाॅ तंबोली ने बासागुड़ा व आवापल्ली में बस स्टैण्ड के लिए चयनित स्थल का मुआयना भी किया।
जिला अस्पताल में दक्षिण बस्तर की पहली डायलिसिस मशीन शुरू, तीन जिलों के मरीजों को मिलेगा फायदा
         दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। शारदीय नवरात्र के मौके पर दंतेवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह ने जिला अस्पताल के लिए डायलिसिस मशीन की सौगात दी थी। करीब महीने भर में मशीन का पूरा सेटअप करने के बाद जिला अस्पताल में इस सेवा की शुरूआत अब कर दी गई है। इस सुविधा का लाभ लेने दूसरे शहरों के चक्कर काटने वाले मरीजों को अब राहत मिलेगी। 
       शनिवार को पहले दिन दंतेवाड़ा निवासी अजय सिंह को सुविधा दी गई। मरीज ने बताया कि पिछले पांच महीने से जगदलपुर के एक अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा है। जहां हर महीने दो बार जाना पड़ता है। लेकिन अब जिला अस्पताल में सुविधा मिलने से बार-बार जगदलपुर नहीं जाना पड़ेगा। 
दूसरे शहर जाने की नहीं पड़ेगी आवश्यकता :    सीएमएचओ डॉ एचएल ठाकुर ने बताया कि जिला अस्पताल में शुरू हुई इस सुविधा का लाभ पहले दिन दो मरीजों को दिया गया। अब तक मरीज जगदलपुर के एक निजी अस्पताल, रायपुर या विशाखापट्टनम जाया करते थे। लेकिन अब दूसरे शहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल इसकी फीस निर्धारित नहीं की गई। जैसे-जैसे मरीजों को यहां लाभ मिलना शुरू होगा व संख्या बढ़ती जाएगी, इसके बाद समिति फीस तय करेगी। लेकिन अन्य अस्पतालों के मुकाबले बेहद कम फीस पर यहां इलाज संभव होगा। बता दें कि पूरे संभाग भर में जगदलपुर के बाद अब दंतेवाड़ा में सेवा शुरू कर दी गयी है।
EXCLUSIVE : माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाते तेलंगाना के 4 युवक गिरफ्तार, मरईगुड़ा पुलिस की कार्रवाई, भारी मात्रा में मौत का सामान बरामद
       कोंटा @ ओलम नागेन्द्र। मरईगुड़ा पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस पार्टी ने तेलंगाना के 4 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल व आॅटो समेत भारी मात्रा में आईईडी बनाने में उपयोग होने वाला विस्फोटक भी बरामद किया है। 
मरईगुड़ा पुलिस ने किया नक्सलियों के तेलंगाना कनेक्शन का पर्दाफाश
EXCLUSIVE : माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाते तेलंगाना के 4 युवक गिरफ्तार, मरईगुड़ा पुलिस की कार्रवाई, भारी मात्रा में मौत का सामान बरामद  2
       'खबर बस्तर डॉट कॉम' से मामले की पुष्टि करते सुकमा एडीशनल एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि आज सुबह मरईगुड़ा पुलिस ने गोलापल्ली मार्ग पर पोटाकेबिन के पास से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तेलंगाना के रहने वाले उक्त चारों युवक बरला सुरेश, के श्रीनू, नक्का अनिल व कोमरम अर्जुन आज सुबह नक्सलियों के लिए विस्फोटक ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम ने इन्हें धर-दबोचा। 
आरोपियों के पास से पुलिस ने जब्त किया आईईडी बनाने का सामान 
EXCLUSIVE : माओवादियों को विस्फोटक पहुंचाते तेलंगाना के 4 युवक गिरफ्तार, मरईगुड़ा पुलिस की कार्रवाई, भारी मात्रा में मौत का सामान बरामद 3
       पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक इससे पहले भी नक्सलियों को विस्फोटक व अन्य सामान की सप्लाई किया करते थे। पुलिस ने इनके पास से एक नग ऑटो, 3 मोटर साइकल, छ: कार्टून में भरा 7200 मीटर कोडेक्स वायर, 500 नग डेटोनेटर, 4 मोबाईल फोन, नक्सली साहित्य समेत अन्य विस्पोटक सामान और 10 हजार रुपए नगद बरामद किया है। खबर लिखे जाने के समय आरोपी युवकों को पुलिस न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। 
KB Breaking: कमालूर के पास नक्सली वारदात, किरन्दुल-विशाखापटनम रेलवे लाइन दोहरीकरण में लगी वाहनों में की आगजनी
   दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर में काफी दिनों के बाद नक्सलियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भान्सी थाना क्षेत्र के कमालूर रेलवे स्टेशन के पास माओवादियों ने 4 ट्रक व तीन पोकलेन में आग लगा दी। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। उक्त वाहन किरन्दुल-विशाखापटनम रेलवे लाइन दोहरीकरण के कार्य में लगे थे। 
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम साढ़े 7 बजे कमालूर स्टेशन में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ द्वारा वाहनों में आगजनी की सूचना दंतेवाड़ा दी गई थी। बताया जा रहा है कि  15-20 सशस्त्र माओवादी कमालूर रेलवे स्टेशन पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर और टीपी को अपने साथ लेकर चले गए। 
इसके बाद नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन के पास खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वाहनों को जला दिए जाने के बाद माओवादियों ने स्टेशन मास्टर और टीपी को छोड़ दिया। इधर, वारदात के बाद विशाखापटनम-किरन्दुल पैसेंजर ट्रेन को रेलवे प्रबंधन द्वारा एहतियातन दंतेवाड़ा में रोक दिया गया है। 
कोंटा विधायक के बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष का पलटवार
कोंटा विधायक लखमा पर भाजपा जिलाध्यक्ष का गंभीर आरोप, कहा- 'संघम सदस्यों से सांठगांठ कर चुनाव जीतते हैं कवासी'
       फारूख अली @ सुकमा। छिंदगढ़ के राजस्व निरीक्षक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा हाथापाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कल इस मसले पर कोंटा विधायक कवासी लखमा ने प्रेसवार्ता लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज देव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। इसके दूसरे ही दिन मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज देव ने पलटवार करते हुए कवासी लखमा पर नक्सली संघम सदस्यों से सांठगांठ कर चुनाव जीतने का गंभीर आरोप लगाया है। 
      प्रेसवार्ता में मनोज देव ने कहा कि कोंटा विधानसभा से लखमा का लगातार चुनाव जीतना कांग्रेस, भाजपा, सीपीआई व जोगी कांग्रेस के लिए चिंता का विषय है। उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि कवासी लखमा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव नहीं जीतते, बल्कि उनकी एक स्लीपर सेल है, जो 50 से अधिक पोलिंग बूथों पर जबरन कब्जा कर चुनाव जीतने में मदद करती है। इस टीम में संघम सदस्यों के अलावा भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारी व पुलिस के लोग भी शामिल होते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष की मानें तो चुनाव के दौरान कवासी लखमा अपनी धमक के चलते जिले के अंदरूनी इलाके के पुलिस थानों को भी खरीदते हैं और इसी की बदौलत वे लगातार चुनाव जीतते आये हैं। संघम सदस्यों से सांठगांठ की वजह से ही लखमा ऐसी जगहों से भी वोट जुगाड़ लेते हैं, जहां पहुंच पाना अन्य राजनीतिक दलों के लिए आसान नहीं होता।  
      भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक विधायक लखमा पारिवारिक मामले को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों से घबराकर वे उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। उन्होने प्रेसवार्ता मे बताया कि आरआई भरत भूषण श्रीवास्तव छिंदगढ़ में पदस्थ हैं और उनके मंझले दादा के दामाद हैं। वे छिंदगढ़ विकासखण्ड के लेदा गांव की ज़मीन पर अकेले काबिज होना चाहते हैं। मनोज देव के मुताबिक आरआई ने अपनी पत्नी के देहांत के बाद ग़लत तरीके से बिना किसी को बताये जमीन के दस्तावेजों में खुद का नाम चढ़वा लिया। 
    भरत भूषण श्रीवास्तव सुकमा तहसील आकर उनकी सालियों से बदतमीजी कर रहे थे। हमने उन्हे ऐसे करने से रोका तो वे गलत आरोप लगा रहे हैं। मनोज देव ने कहा कि कवासी लखमा का आरोप निराधार है किसी से हाथापाई नहीं की गई है। चाहें तो तहसील मे मौजूद सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों से इसकी तस्दीक की जा सकती है। मनोज देव ने प्रेस वार्ता मे कहा कि विधायक लखमा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पेद्दी के ऊपर भी ग़लत आरोप लगा रहे हैं।
सुकमा में कांग्रेस नेताओं का शहीद दिवस क्यों नहीं मनाते लखमा..?
   भाजपा जिलाध्यक्ष ने विधायक कवासी लखमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों से वे (लखमा) पैसा उगाही करते हैं। मनोज देव ने विधायक से सवाल करते हुए कहा कि 25 मई को कांग्रेस पार्टी झीरम के शहीदों की याद मे प्रदेश भर में कार्यक्रम करती है। लेकिन सुकमा में कांग्रेस नेताओं का शहीद दिवस क्यों नहीं मनाया जाता है?  उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कवासी लखमा देशद्रोही ताक़तों के इशारे पर तो कहीं ऐसा नही करते, ये जांच का विषय है। भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक उन्हें विधायक से खतरा है इसलिए उन्होंने सुरक्षा की मांग भी शासन-प्रशासन से की है।

भाजपा पदाधिकारियों द्वारा राजस्व निरीक्षक से मारपीट के मामले की कोन्टा विधायक ने कि निंदा 
भाजपा जिलाध्यक्ष व भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी जिला बंद- कवासी लखमा

     सुकमा @ फारूख अली। भाजपा पदाधिकारियों द्वारा राजस्व निरीक्षक से मारपीट का मामला राजनीतिक रंग लेने लगा है। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कोंटा ​विधायक कवासी लखमा ने इस मामले की निंदा करते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भाजपा जिलाअध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष के खिलाफ़ कार्यवाही नही हुई तो काँग्रेस पार्टी धरना एवं जिला बंद करेगी। 
      विधायक लखमा ने पत्रकारों को बताया कि 12 अक्टूबर 2017 को छिंदगढ़ आरआई श्रीवास्तव जो कि सुकमा के भी प्रभार मे हैं, जैसे ही सुकमा तहसील पहुँचे वहाँ पहले से ही मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज देव एवं जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पेद्दी ने गाली गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट की। लखमा ने तहसीलदार पर मामले को देखने के बावजूद कार्यवाही नही करने पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। 
     विधायक ने कहा कि सुकमा जिला नक्सल प्रभावित है और कोई अधिकारी-कर्मचारी यहाँ आने से डरते हैं और उस पर भाजपा नेताओं की दादागिरी की वजह से अधिकारी कर्मचारी दहशत मे रहते हैं। लखमा ने कहा कि सुकमा कलेक्टर एवं सुकमा एसपी ने वे से आग्रह करते हैं कि मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा कर उनके खिलाफ़ कार्यवाही करें। अन्यथा कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना-प्रदर्शन के साथ ही सुकमा जिला बंद किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष करन देव, युंका महासचिव दुर्गेश राय मौजूद थे।

दिल्ली में दिखी दंतेवाड़ा के 'दंतेश्वरी सेवा योजना' की झलक, ई-रिक्शा चलाने वाली महिला सरिता से पीएम मोदी ने की बात
      दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दंतेवाड़ा में शुरू हुई दंतेश्वरी सेवा योजना की झलक दिल्ली में भी दिखाई दी। देशभर के विभिन्न राज्यों के लगाए गए स्टॉलों के बीच दंतेवाड़ा की ई-ऑटो रिक्शा प्रदर्शनी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अवलोकन किया। इस दौरान पीएम ने दंतेवाड़ा के चितालंका निवासी स्वसहायता समूह की महिला सरिता से बात की एवं उसकी तारीफ की। 
       नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में नानाजी देशमुख की जन्म शताब्दी के मौके पर ग्रामीण विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभिन्न राज्यों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन पीएम कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी की हौसला अफजाई से उत्साहित सरिता ने बताया कि उसकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं है। दिल्ली में इस अवसर पर बड़े सुरोखी निवासी कुंती यादव एवं छाया ईश्वर भी मौजूद थीं।
दो दिवसीय प्रदर्शनी में दंतेवाड़ा में महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू हुई दंतेश्‍वरी सेवा की झलक दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी ने भी देखी एवं सरिता से बातचीत के बाद वेलडन भी कहा। 
       जिला पंचायत सीईओ डॉ गौरव सिंह ने बताया कि दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी सेवा योजना की शुरूआत महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए की गई है। जिले के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने इस काम को सराहा है। अब तक 51 समूह की महिलाओं को ई-ऑटो रिक्शा वितरित किया गया है। जिले की 200 महिलाओं को ऑटो रिक्शा चलाने प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दंतेवाड़ा में महिलाएं सशक्त बनने ई-ऑटो रिक्शा चलाने रूचि दिखा रही हैं। जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसी योजनाएं समय-समय पर बनती रहेंगी।

अच्छी खबर : छिंदगढ की आदिवासी बेटी बनी सिविल जज, बस्तर को किया गौरवान्वित
      सुकमा @ खबर बस्तर। आदिवासी बहुल व नक्सल प्रभावित सुकमा जिले की बेटी ने ऐसी नजीर पेश की है जिसकी आज प्रदेश भर में तारीफ हो रही है। हम बात कर रहे हैं धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र  छिन्दगढ़ के ग्राम बारसेरास निवासी गीता बृज की, जिनका छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) के विधी विधाई कार्य विभाग अन्तर्गत आयोजित सिविल जज भर्ती परीक्षा के मेरिट में 36वां स्थान पर चयन हुआ है। गीता बृज का सिविल जज बनना बस्तर संभाग के युवाओं के लिए नई एक आदर्श स्थापित करता है तथा सुकमा के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है।
     गीता बताती हैं कि बचपन से ही वे काले कोर्ट पहने हुए इंसान को देखकर या टीवी पर काले कोर्ट वालों को देखकर आकर्षित हो जाती थी। जैसे जैसे समझ आया काला कोर्ट न्याय पर बैठे हुए लोग पहनते हैं तब से एक सपना था गीता बृज का की हो भी काला कोर्ट पहनकर जज बनेें और न्याय करें। इसी तरह लगातार वे सिविल जज के लिए वर्ष 2014 से प्रयासरत थी।
     उल्लेखनीय है कि गीता बृज के पिता मनमोहन बृज छिन्दगढ़ में शिक्षक हैं। गीता बृज स्वयं वर्ष 2006 से सहायक शिक्षक पंचायत के रूप में प्राथमिक शाला पटेल पारा छुर्रागठ्ठा में शिक्षा की अलख जगाने में लगी हुई थी। गीता इससे पूर्व सिविल जज परीक्षा के लिए दो बार साक्षात्तकार दे चुकी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इस बार सिविल जज परीक्षा के कुल 40 पदों के लिए साक्षात्कार हेतु 131 परीक्षार्थियों ने पात्रता हासिल किया था, जिसमें से एक गीता बृज भी थी जिनका चयन सिविल जज में हुआ है।