जिला अस्पताल में बेहतर इलाज से लौट रही मरीजों के चेहरों पर मुस्कान
बीजापुर @ खबर बस्तर। जिला प्रशासन की पहल पर जिला अस्पताल में हुए कायाकल्प का असर अब दिखने लगा है। यहां आधुनिकीकरण व विशेषज्ञ डाक्टरों की नियुक्ति के बाद इलाज में सफलता के नए आयाम गढ़े जा रहे है। कभी बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं की वजह से सुर्खियों में रहने वाली यह संस्था अब बदलते बीजापुर की पहचान बनकर उभरी है। अस्पताल में अब प्लास्टिक सर्जरी व थायराइड जैसे जटिल आॅपरेशन भी सफलतापूर्वक होने लगे हैं, जो जिले की बदलती तस्वीर का गवाह भी है।
नक्सल प्रभावित जिले में दिनों दिन बेहतर होती स्वास्थ्य सुविधाओं से हजारों मरीजों को जहां लाभ मिल रहा है, वहीं जिला अस्पताल में इलाज के प्रति लोगों में विश्वास भी बढ़ा है। अब बेहतर इलाज के लिए जिले के मरीज दीगर जगहों पर भटकने की बजाय सीधे जिला अस्पताल पहुंच जाते हैं।
हाल ही में भालू के हमले से अपने जबड़े और चेहरे का बड़ा हिस्सा गंवा चुके बन्डे कुडियम को प्लास्टिक सर्जरी के जरिए जहां नई मुस्कान मिली। वहीं बीते 10 सालों से अपने गले में थायराइड का ग्वाईटर लिये घूम रही चिनक्का को सफल आॅपरेशन के जरिए नई जिंदगी मिली है। बड़े शहरों में जहां यह दोनों ईलाज के दौरान लाखों रूपये खर्च हो जाते है, वहीं बीजापुर अस्पताल में दोंनों मरीजों का मुफ्त व सफल इलाज कर संभव हुआ है।
केस-1दो महीने पहले तोयनार निवासी बन्डे कुडियम अपने खेत से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसका जबड़ा टूट गया तथा चेहरे की चमड़ी बाहर आ गई। हमले में बुरी तरह जख्मी बन्डे कुडियम को रात में ही जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया।
अस्पताल के सर्जन डाॅक्टर एस नागुलन ने सबसे पहले बन्डे कुडियम के जबड़े के टुटे हुए हड्डियों को वापस जोड़ने के बाद 5 दिन तक अस्पताल में देखरेख में रखा। इसके बाद छाती के हिस्से से चमड़ी को निकालकर गाल और ऊपर के जबड़े में फिक्स कर पीएमएमसी फ्लेप किया गया। इस दौरान 3 हफ्ते तक अस्पताल में भर्ती करने के बाद बन्डे की स्थिति में काफी सुधार आया और अब वह पूरी तरह सुरक्षित व स्वस्थ है।
केस-2मद्देड़ निवासी चिनक्का अपना चेकअप कराने जिला अस्पताल आई तब उसके गले में 2 किलो का थायराईड ग्वाईटर लटक रहा था। ग्वाईटर की वजह से चिनक्का का गर्दन ऊपर नीचे नहीं हो पाता था। गरीबी की वजह से ग्वाईटर के चेकअप के लिए जगदलपुर जाने में उसने असमर्थता व्यक्त की। ऐसे में डाॅक्टर नागुलन ने चिनक्का के ब्लड सेंपल लेकर अपने पैसे से जगदलपुर भेजकर जांच करायी तथा उसे अस्पताल में रोके रखा।
जांच रिपोर्ट आने के बाद 60 वर्षीय चिनक्का का जिला अस्पताल में 7 घण्टे तक थायराइड ग्वाईटर का सफल आपरेशन किया। इस आपरेशन में मरीज की जिंदगी के लिए काफी खतरा होने के बावजूद जिला अस्पताल ने मरीज का ईलाज कर लोगों के बीच बेहतर व सफल ईलाज की संभावनाओं को और मजबूत किया।
जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार व सर्जरी की सफलता पर सीएमएचओ डाॅक्टर बीआर पुजारी ने बताया कि आधुनिक उपकरण व विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती से अब यहां पर गंभीर मरीजों का भी सफल इलाज संभव हुआ है। चेन्नई के सर्जन डाक्टर एस नागुलन की सेवाओं से स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिल रही है। अब ज्यादातर ईलाज व सर्जरी जिला अस्पताल में ही हो रहे है इससे यहां के गरीब परिवारों को काफी राहत मिल रही है।