न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के सदस्य व 1 करोड़ के ईनामी नक्सली लीडर जम्पन्ना ने अपनी पत्नी के साथ तेलंगाना के हैदराबाद में सरेंडर कर दिया। पुलिस अफसरों द्वारा मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस दौरान पुलिस ने जो प्रेस नोट जारी की है, उसमें नक्सली लीडर के सरेंडर के पीछे जो कहानी बताई जा रही है। वह बेहद चौंकाने वाली है।
पुलिस की मानें तो जम्पन्ना ने अपने आत्मसमर्पण के पीछे माओवादी संगठन का विचारधारा से भटकाव को एक बड़ी वजह माना है। बताया जा रहा है कि फरवरी 2017 में ओडिशा के कंधमाल में हुई 5वीं सीसी की बैठक में जम्पन्ना के पार्टी लाइन के साथ वैचारिक मोर्चे पर मतभेद हुए थे। बैठक में उन्होने आरोप लगाया कि माओवादी संगठन अब जनता, विशेष रूप से किसानों, मजदूर वर्ग और छात्रों के साथ संपर्क खो चुकी है।
दावा है कि इसी के बाद जम्पन्ना ने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया। हांलाकि कुछ जानकार सूत्र ये भी बताते हैं कि पुलिस से लगातार भागते हुए जम्पन्ना थक चुका था और उसकी बीमारी भी सरेंडर की एक वजह थी। बता दें कि जम्पन्ना की पहली पत्नी ज्योति ने भी साल 2007-08 के दरमियान आंध्र पुलिस के समक्ष नक्सलवाद से तौबा कर ली थी। वहीं उसकी दूसरी पत्नी एच. अनिता उर्फ रंजीता ने अपने पति के साथ समर्पण करने का निर्णय लिया।
छत्तीसगढ़ में कई बड़े हमलों में रही संलिप्तता:
सेंट्रल मिलिट्री कमीशन का सदस्य होने के नाते जम्पन्ना का छत्तीसगढ़ में हुए बड़े नक्सली वारदातों में संलिप्तता की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि ताड़मेटला काण्ड, झीरम घाटी काण्ड, रानीबोदली जैसे बड़े नक्सली हमलों में वह शामिल रहा होगा। हालांकि तेलंगाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ सहित माओवाद प्रभावित दूसरे राज्यों में उसकी सक्रियता को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है।
इन वारदातों में रहा शामिल
बताया जाता है कि वर्ष 1984 में पीडब्ल्यूजी में शामिल होने वाले जम्पन्ना ने सीपीआई (माओवादी) पार्टी में 33 साल बिताए। इस दौरान वह 100 से अधिक घटनाओं में शामिल रहा। जिसमें तेलंगाना में 51 मामले शामिल थे। इनमें से प्रमुख घटनाएं यह हैं...
⏩ 1991 में जयशंकर भूपालपल्ली जिले के वाजेड़ पुलिस थाने पर हमला कर हथियार लूटने में उसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस घटना में माओवादियों ने 14 हथियारों को छीन लिया और एक पुलिस कांस्टेबल को घायल कर दिया था।
⏩ इसी साल एटुरनागरम थाना क्षेत्र के चेलपाका में चुनाव के दौरान पुलिस जीप को विस्फोट कर उड़ा दिया, जिसमें 6 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे।
⏩ 1997 में कराकगुडेम पुलिस स्टेशन में हमले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस वारदात में पुलिसकर्मियों के 17 हथियार छीनने के अलावा पुलिस कर्मियों को मार दिया था।