September 2017
   
अच्छी खबर : अब बारिश के दिनों में भी हैदराबाद जा सकेंगे बीजापुरवासी, चिंतावागू नदी में रपटा बनकर तैयार
      बीजापुर @ खबर बस्तर। भोपालपट्नम ब्लाक के रामपुरम स्थित चिंतावागू नदी में रपटा बनकर तैयार हो गया है। अगले एक-दो दिनों में भद्रकाली दर्शन व हैदराबाद जाने वाले आमजनों के लिए इसे खोल दिया जायेगा। रपटा बन जाने से इस क्षेत्र के लोगों को बरसात ​के दिनों में भी हैदराबाद व वारंगल जैसे शहरों की ओर रूख करने में आसानी होगी।  
    बता दें कि भोपालपटनम व बीजापुर के लोगों का पड़ोसी राज्यों तेलंगाना व महाराष्ट्र से रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है, लेकिन यहां के ​लोग बारिश के दिनों में इन दोनों सीमावर्ती प्रान्तों से कट जाते थे। अब चिंतावागू नदी में अस्थाई रपटा बन जाने से कम से कम तेलंगाना तक तो लोगों की आवाजाही बरसात में भी हो सकेगी। 
       गौरतलब है कि बारिश के दिनों में भोपालपट्नम से तेलंगाना जाने के लिए रामपुरम स्थित चिंतावागू नदी में पुल नही होने से नाव के सहारे पार जाना पड़ता है। गर्मी और ठंड के दिनों में चिंतावागू नदी में पानी कम रहता है। इन दिनों में गाड़ियाँ आसानी से नदी पार हो जाती है। 
       कलेक्टर अय्याज ताम्बोली के अथक प्रयास से नदी में रपटा का काम जल्द हो पाया है। रपटा बन जाने से अब भद्रकाली दर्शन व हैदराबाद जाने वालो को राहत मिलेगी। दूसरी तरफ चिंतावागू में पुल निर्माण का काम काफी धीमी रफ्तार से चल रहा है। जबकि पुल निर्माण के लिए बाकायदा सुरक्षा के लिए एक कैम्प भी स्थापित किया गया है।
फोर्स ने वायरलेस सेट पर जारी किया था पत्रकारों का डेथ वारंट : कहा- 'पत्रकार दिखें तो सीधे मरवा दो..!'
    गणेश मिश्रा @ बीजापुर। इन दिनों देश के अलग अलग प्रान्तों से पत्रकारों की हत्या की खबरें अखबारो की सुर्खियां बनी हुई है। लोग इन घटनाओं की निंदा भी कर रहे हैं, परंतु बस्तर में तो हालात और भी भयावह हैं। नक्सलवाद और सुरक्षाबलों के बीच यहां के पत्रकार किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर अपना कर्तव्य निभा रहे है, यह किसी से छुपा नहीं है। 
     बस्तर के बीहड़ों में दोधारी तलवार के बीच अपने जान की परवाह किए बिना कार्य कर रहे पत्रकारों को अब सुरक्षाबल के अधिकारी वायरलेस सेट पर ही डेथ वारंट जारी कर रहे हैं। 'खबर बस्तर डॉट कॉम' के ​हाथ ऐसा आॅडियो हाथ लगा है, जिसमें फोर्स ने वायरलेस सेट में पत्रकारो के लिए सीधे डेथ वारंट जारी कर जान से मार देने का फरमान जारी कर दिया है। इस आडियो के सामने आने के बाद पत्रकारो में भय के साथ साथ आक्रोश का वातावरण बन गया है। बस्तर के पत्रकार गुरूवार को धरना प्रदर्शन कर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। 
    दरअसल, बीजापुर से दक्षिण बस्तर के पांच पत्रकारो का एक दल 27 जुलाई 2017 को तेलंगाना की सीमा से लगे पुजारी कांकेर स्थित पांडव पर्वत की स्टोरी करने पुजारी कांकेर के लिए निकला हुआ था। रास्ते में तेज बारिश के चलते यह दल 27 के बजाय 28 जुलाई को पुजारी कांकेर पहुंचकर स्टोरी करने के बाद 29 जुलाई को लौट आया था। इसी बीच 30 जुलाई को खबर मिलती है की पत्रकारों का दल जब रवाना हुआ तो उसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा वायरलेस सेट में एक सन्देश पास किया गया था, जिसमे पत्रकारों को देखते ही मार देने का आदेश दिया गया था। यह आॅडियो पत्रकारों के एक शुभचिंतक ने खुद की पहचान छुपाने की शर्त पर मुहैया कराया।  
    41 सेकेण्ड के इस ऑडियो में सुरक्षा बल का एक अधिकारी अपने जवान को वायरलेस सेट पर आदेश दे रहा है की अगर उधर कोई भी पत्रकार जाता है तो उसे सीधे मरवा देना। इस आडियो के सुनने के बाद तो उन सारी बातो से पर्दा उठ गया, जिनमे पुलिस पत्रकारो को अपना मित्र, विकास में सहभागी, समाज का आइना बताने से परहेज नहीं करती है। इस ऑडियो के सामने आने से समूचे बस्तर में पत्रकारों की सुरक्षा हाशिये पर नजर आ रही है। 
एक ओर नक्सली बस्तर में पत्रकारों को पुलिस का मुखबिर बताकर हत्या कर रहे है और दूसरी तरफ पुलिस भी पत्रकारो को नक्सल सहयोगी बताकर जनसुरक्षा अधिनियम के तहत जेल भेजने और प्रताड़ित करने में कमी नहीं कर रही है। अब तक बस्तर में कार्य कर रहे दो पत्रकार साईं रेड्डी और नेमीचंद जैन की नक्सली पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर चुके है, जबकि दूसरी ओर नक्सली सहयोगी बताकर बस्तर के ही पत्रकार प्रभात सिंह, संतोष यादव, सोमारू नाग और लिंगाराम कोडोपी को जनसुरक्षा अधिनियम के तहत जेल भेज चुकी है। नक्सलवाद और पुलिस के बीच दो धारी तलवार पर बस्तर में काम कर रहे पत्रकारो के लिए अब सुरक्षाबलों का यह ऑडियो किसी भयानक सपने से कम नहीं है।
उच्च स्तरीय जांच हो, दोषियों को हो सजा: डीआईजी
इस मामले में सीआरपीएफ के डीआईजी आलोक अवस्थी का कहना है कि अगर यह ऑडियो सही है तो मैं डीआईजी होने के नाते इसकी घोर निंदा करता हूँ, इस सभ्य समाज में ऐसी घटनाओ के लिए कोई जगह नहीं है और न ही हमें ऐसी घटनाओ को बढ़ावा देना चाहिए। इसीलिए इस मामले में उच्चस्तरीय जांच होना चाहिए और इसमें जो भी दोषी है उन्हें सजा मिलनी चाहिए। क्योंकि यह पत्रकारो से जुड़ा हु गंभीर मामला है वो भी जान से मार देने का आदेश। डीआईजी का कहना है की वे अभी यह नहीं कह सकते की आडियो में जो आवाज है वह सीआरिपीएफ का है या फिर जिला पुलिस अथवा कोबरा का इसीलिए इस मामले में ऑडियो की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और इस मामले में वे पत्रकारो को पूरी तरह सहयोग करने को तैयार है।
वायरलेस सेट पर अधिकारी और जवान के बीच बातचीत के अंश:   वॉइस-1
वो नक्सली तो नहीं है? इधर कोई घटना वटना करने आया हो..देख लो कौन है? क्या है?.. तस्दीक कर लो..उसके बाद सब लिखा पढ़ी बन जाती है...देख लेना...समझे..और उधर सब सम्हाले रहना..सब छोटी बड़ी फ़ोर्स इधर उधर पर है..हाई एलर्ट रहना..और उधर से कोई पत्रकार...जो है..मतलब जो नक्सलियों को कव्हर करने जाएगा..उसको सीधा मरवा देना...समझ गए
वॉइस-2
रॉजर सर ..रॉजर सर..वो कल एक....ठीक है..ओके



भाजपा जिलाध्यक्ष की कंपनी ने बनाई भ्रष्टाचार की सड़क, कांग्रेसियों ने पीएम के नाम ज्ञापन सौंप की कार्रवाई की मांग
      बीजापुर @ खबर बस्तर। भाजपा के जिलाध्यक्ष की कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाई गई सड़क इन दिनों सुर्खियों में है। दरअसल, लगभग एक करोड़ की लागत से तुरनार तक बनी दो किमी लंबी यह सड़क पहली ही बारिश में गड्ढों में तब्दील हो गई है। अब कांग्रेस इसे मुद्दा बनाने की तैयारी में है। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने सड़क का जायजा लिया और गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण की शिकायत प्रधानमंत्री से करने की बात कही है। कांग्रेसियों ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।        
भाजपा जिलाध्यक्ष की कंपनी ने बनाई भ्रष्टाचार की सड़क, कांग्रेसियों ने पीएम के नाम ज्ञापन सौंप की कार्रवाई की मांग   2
     कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम मंडावी ने बताया कि बीजापुर के तुरनार गाँव के ग्रामीणों की सालों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सरकार ने गाँव तक पहुँचने के लिए डामरीकृत सड़क की स्वीकृति दी थी। एमएमजीएसवाय (मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना) के तहत उक्त सड़क का निर्माण भाजपा जिला अध्यक्ष जी. वेंकट की कंपनी जीव्हीआर कंस्ट्रक्शन द्वारा किया गया था। लगभग एक करोड़ की लागत से बनी इस सड़क पर 83 गड्ढे हो गए हैं। उन्होने ने कहा कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के चलते गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। इससे एक माह में ही सड़क की पोल खुल गई है। 
भाजपा जिलाध्यक्ष की कंपनी ने बनाई भ्रष्टाचार की सड़क, कांग्रेसियों ने पीएम के नाम ज्ञापन सौंप की कार्रवाई की मांग   3
      कांग्रेस जिलाध्यक्ष के मुताबिक पीएम मोदी ने सत्ता पर काबिज होते ही कहा था कि 'मै न तो खाउंगा और ना ही खाने दूंगा', लेकिन उनकी पार्टी के जिलाध्यक्ष की कंपनी आदिवासी बहुल जिले में घटिया निर्माण कर मोदी की मंशा पर सवालिया निशान लगा रही है। हमारी मांग है कि इस कंस्ट्रक्शन कंपनी के द्वारा किए गए सभी कामों की गुणवत्ता का परीक्षण व कार्यों का पुनः मूल्यांकन करवा कर कंपनी को ब्लैक लिस्टेड किया जाए। साथ ही तुरनार सड़क का मूल्यांकन करने वाले उप अभियंता तथा अवलोकन करने वाले कार्यपालन अभियंता पर कठोर कार्यवाई की जाए। इस दौरान क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य नीना उद्दे, कमलेश कारम, अजय सिंह, लालू राठोर, लछुराम मौर्य, सहदेव नाग, एजाज खान, प्रवीण उद्दे, रजिया बेगम, बब्बू राठी सहित अन्य कार्यकर्त्ता मौजूद थे।

     दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। शारदीय नवरात्र की पंचमी के अवसर पर आज बस्तर की आराध्य देवी मांई दंतेश्वरी के दरबार में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा है। आज तड़के से शक्तिपीठ में कतारबद्ध होकर भक्तगण माता दंतेश्वरी के दर्शन कर रहे हैं। पंचमी पर कैसा है दंतेश्वरी मंदिर का नजारा देखिए वीडियो...

जब नक्सलियों ने फोर्स के जवानों से कहा- 'हम आपके दुश्मन नहीं, बड़े अफसरों से है हमारी लड़ाई'..!
     जयंत कुमार रंगारी @ अंतागढ़। बस्तर के बीहड़ों में सक्रिय नक्सली फोर्स के जवानों के साथ गोरिल्ला वार करने के साथ ही अब मनोवैज्ञानिक लड़ाई भी लड़ रहे हैं। नक्सलियों ने अंतागढ़ क्षेत्र में पर्चे फेंककर एसएसबी के जवानों से कहा है कि वे उनके दुश्मन नहीं हैं, बल्कि उनकी लड़ाई फोर्स के बड़े अफसरों से है। गोंडबिनापाल एसएसबी कैम्प के पास नक्सलियों ने यह पर्चे फेंके है, जिसमें माओवादियों ने भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी और एसएसबी के अधिकारियों के बीच साठगांठ का आरोप लगाया है। 
     पर्चे में कहा गया है कि कोसोरोंडा में लगने वाला एसएसबी का कैम्प जवानों की सुविधा के लिए न होकर अधिकारियों की कमाई का जरिया है। नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि एसएसबी का अफसर दयानंदन जल्द ही रिटायर होने वाला है, इसलिए वह कैम्प लगाकर इसका कमीशन खाना चाहता है। पर्चे में यह भी कहा गया है कि दयानंदन ने एसएसबी के आईजी मनमोहन सिंह को 40 लाख रूपए दिए हैं। ये रकम एक अन्य निजी कंपनी माडर्न रेफैब भी दे रही है, क्योंकि जल्द ही बीएसपी से उसका कान्ट्रेक्ट खत्म हो रहा है। इसलिए दोनो अफसर मिलकर जल्द से जल्द कैम्प लगवाना चाहते हैं। नक्सलियों ने दावा किया है कि वे इसका सबूत जल्द ही देंगे। पर्चे में नक्सलियों ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ जवानों को माओवादियों का साथ देने की अपील की है।  
      बता दें कि कुछ दिनों पूर्व बर्रेबेड़ा एसएसबी कैम्प में रावघाट प्रोजेक्ट में रेल लाइन विस्तार और नए कैम्प लगाने को लेकर बैठक हुई थी, जिसमे बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा, कांकेर डीआईजी रतनलाल डांगी व कांकेर एसपी, एसएसबी के डीआईजी मनमोहन सिंह, बीएसएफ के कमांडेंट के अलावा कांकेर कलेक्टर टामान सिंह सोनवानी सहित वन विभाग, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय, सीएसईबी सहित जिले के सारे बड़े आला अधिकारी मौजूद थे। इस अहम बैठक के बाद से ही नक्सली सकते में हैं। रविवार को उन्होने कोटवार की हत्या कर दी थी। अब इस पर्चे के जरिये जवानों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश नक्सलियों ने की है। 
नवरात्रि के पहले दिन हुई ऐसी अनहोनी की सब रह गए सन्न 
अनहोनी : नवरात्र के पहले दिन दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी का निधन, अंतिम संस्कार में जुटे सैकड़ों लोग
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन आज दंतेश्वरी मंदिर में ऐसी अनहोनी घटित हो गई, जिससे सभी लोग सकते में हैं। शक्तिपीठ के प्रधान पुजारी हरिहर नाथ जिया का आज सुबह इलाज के दौरान निधन हो गया। वे सुबह मंदिर परिसर में ज्योतिकलश स्थापना की तैयारियों में लगे थे, तभी अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा। इसके बाद आसपास मौजूद सेवादारों व परिजनों ने मिलकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां आधे घंटे में ही उन्होेने दम तोड़ दिया।
       इस घटना के बाद मंदिर परिसर के अलावा शहर भर में शोक की लहर दौड़ गई। दंतेश्वरी मंदिर से लगे उनके निवास में भी लोगों की भीड़ लग गई। दंतेवाड़ा प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मुख्यमंत्री प्रवास के चलते उनके अंतिम संस्कार में विलंब हुआ। आज शाम गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण व सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद थे।    
 
     न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। आज सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो को जिसने भी देखा है सभी लोग हैरान हैं। वीडियो राजनांदगांव के किसान सम्मेलन का होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें  ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को दिये गए लंच पैकेट में प्लास्टिक का चावल मिलने की बात कही जा रही है। 
    बता दें कि ये वीडियो खुद महिला पुलिसकर्मी ने ही तैयार कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इस वीडियो की सत्यता को 'खबर बस्तर डॉट कॉम' प्रमाणित नहीं करता पर जिस तरह से ये वीडियो वायरल किया जा रहा है, ऐसे में छत्तीसगढ़ में प्लास्टिक चावल की सप्लाई को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।  
     वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मी ने लंच पैकेट के चावल को गेंद की तरह उछालकर दावा किया है कि ये चावल प्लास्टिक का है। हालांकि उन्होने इस वीडियो को बनाने के पीछे इस गड़बड़ी को सबके सामने लाने की बात कहते हुए लोगों को सतर्क रहने व इसे वायरल करने की अपील की है। 
∎   बीजापुर जिले के 42 गांव शामिल होंगे दंतेवाड़ा जिले में            ∎   ग्राम सभा में प्रस्ताव हो गया पास, कमिश्नर को भेजा गया प्रपोजल 
EXCLUSIVE % जानिए, क्यों बीजापुर जिले के 42 गांव के लोगों को दंतेवाड़िया बनने की है चाहत..!
    बीजापुर @ पंकज दाऊद।  प्रशासनिक और भौगोलिक दृष्टिकोण के अलावा लोगों की सहुलियत के मद्देनजर बीजापुर जिले के 42 गांवों को दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लाॅक में शामिल करने का प्रस्ताव है। इधर दंतेवाड़ा के भी तीन गांवों को इसी दृष्टिकोण से बीजापुर जिले में शुमार किए जाने का प्रपोजल है। इन गांवों से पहले ही ग्राम सभा में ये प्रस्ताव पास हो गया है। 
    इस आशय का एक प्रस्ताव जून में कलेक्टर डाॅ अय्याज तंबोली ने आयुक्त बस्तर को भेजा है। सूत्रों के मुताबिक 5331.755 हेक्टेयर भूमि इस प्रकार बीजापुर से दंतेवाड़ा जिले को चली जाएगी और 4967 लोग दंतेवाड़ा के बाशिंदे कहलाएंगे। बीजापुर के भैरमगढ़ ब्लाॅक की कोशलनार पंचायत के कोशलनार, तुषवाल पंचायत के तुषवाल, आदेवाड़ा, कोहकावाड़ा, तोड़मा, बुड़दमू, पदनार, सेहरामेटा, वाडिज, कोहकाचल, कोहकामेटा, कामड़गू, जारे, निराली, आदेर, नयानार, कोरीबेड़ा, डुडुम, कुपारी, कोर्रा, कोहकापाल, कुकाड़ी, गोटमेर, बाकेली, मटासी, इरपानार, पुषबाका, तुर्रेवाया, पिकमोहनार, तुर्री उर्फ पोरोवाया, कुपासी एवं कोण्डलाजी, मंगनार पंचायत के मंगनार, गुफा एवं बोधघाट, बेंगलूर पंचायत के बेंगलूर, सडार, कोयम, इतालकुडुम, तुण्डेर व कटोली तथा डारापाल पंचायत के सुरोखी गांव को दंतेवाड़ा जिले में दिए जाने का प्रस्ताव है। इनमें से 21 गांव वीरान हैं। 
जानिए क्या है वजह :      दरअसल, भैरमगढ़ ब्लाॅक मुख्यालय से इन गांवों की दूरी 70 से 100 किमी है, जबकि दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लाॅक मुख्यालय से इनकी दूरी महज 30 से 40 किमी है। दूरी के चलते सरकारी कामकाज में इससे असुविधा होती है। वहीं आम लोगों को भी परेशानी होती है। बताया गया है कि दंतेवाड़ा जिले के बोदली, फुण्डरी व फरसमंदूर को बीजापुर जिले में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है। 
   
BIG Breaking : दंतेवाड़ा में खूनी गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' की दस्तक : 14 बच्चों की कलाई में देखे गए संदिग्ध निशान, आज होगी काउंसलिंग..!

    दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। देश भर में दहशत का पर्याय बन चुका इंटरनेट पर आधरित खूनी गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' दबे पांव दक्षिण बस्तर में भी पहुंच चुका है। जिला मुख्यालय के हायर सेकेण्डरी स्कूल में पढ़ रहे 14 विद्यार्थियों की कलाई में कटने के संदिग्ध निशान पाए गए हैं। इस बात का खुलासा होने के बाद स्कूल प्रबंधन सकते में है।      

BIG Breaking : दंतेवाड़ा में खूनी गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' की दस्तक : 14 बच्चों की कलाई में देखे गए संदिग्ध निशान, आज होगी काउंसलिंग..! 2
      संस्था के प्राचार्य एलबी यादव द्वारा इसकी लिखित जानकारी डीईओ डी. समैया को दी गई है। जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग द्वारा कलेक्टर सौरभ कुमार व जिला पंचायत सीईओ गौरव कुमार सिंह को इस पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। जिन 14 बच्चों के हाथों में संदिग्ध निशान मिले हैं, वे 9वीं, 10वीं व 11वीं कक्षा के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इनमें 2 छात्राएं भी शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कुछेक छात्रों के हाथों में ये निशान पुराने बताए जा रहे हैं।     
BIG STORY : दंतेवाड़ा में खूनी गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' की दस्तक : 14 बच्चों की कलाई में देखे गए संदिग्ध निशान, स 4कते में स्कूल प्रबंधन..!
     बताया जा रहा है कि मामले की हकीकत जानने शुक्रवार को एक टीम स्कूल पहुंचेगी, जो बच्चों व शिक्षकों से चर्चा कर वस्तु स्थिति का पता लगाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान बच्चों और अभिभावकों की काउंसिलिंग भी की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी डी. समैया ने बताया कि स्कूल के प्राचार्य द्वारा इस संबंध में लिखित में जानकारी दी गई है। जिसके आधार पर हमने उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है। शुक्रवार को स्कूल में पहुंच मामले की जांच की जाएगी। 


वनमंत्री गागड़ा की बेरूखी से नाराज 11 भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ..!
       बीजापुर @ खबर बस्तर। प्रदेश के वनमंत्री महेश गागड़ा के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का उनसे लगातार मोहभंग हो रहा है। आज नैमेड़ में आयोजित कांग्रेस की किसान रैली में पहुंचे 11 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। ये कार्यकर्ता भैरमगढ़, भोपालपटनम और बीजापुर क्षेत्र में वर्षों से भाजपा के लिए सक्रिय रूप से जुड़े थे, लेकिन गागड़ा की बेरूखी के चलते इन्होंने कांग्रेस से हाथ मिलाने में ही भलाई समझी।
     बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम मंडावी, नीना रावतिया, अजय सिंह के समक्ष इन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में विधिवत रूप से प्रवेश कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने मंच पर इन्हें फूल माला से स्वागत कर पार्टी की सदस्यता दिलाई। 
कहीं भारी न पड़ जाए बेरूखी:   बीजापुर के जमीन से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंत्री बनने के बाद गागड़ा केवल खास लोगों से ही घिरे रहते हैं। आम कार्यकर्ताओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। राजधानी में कभी उनसे मिलने जाने पर कार्यकर्ताओं के लिए उनके पास वक्त तक नहीं रहता। बंगले पर घंटों इंतजार करने के बाद भी मंत्री जी अपने कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं हो पाते। ऐसे में पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता महेश गागड़ा से लगातार नाराज चल रहे हैं और उनके पार्टी छोड़कर जाने का दौर बदस्तूर जारी है। अगर ऐसे ही हालत बने रहे तो गागड़ा के लिए अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। 
जज़्बे को सलाम: बीमार महिला को जवानों ने कंधे पर लादकर पहुंचाया अस्पताल..!
    महफूज़ अहमद @ दंतेवाड़ा। बस्तर के बीहड़ों में नक्सलियों से लोहा ले रहे पैरा मिलिट्री के जवान अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी बखूबी कर रहे हैं। रविवार को जवानों की ऐसी तस्वीर लोगों के सामने आई, जो एक नज़ीर बन गई। सीआरपीएफ के जवानों ने बुखार से पीड़ित एक आदिवासी महिला को अपने कंधे पर स्ट्रक्चर में लिटाकर 10 किमी का दुर्गम रास्ता तय कर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान जवानों को घनघोर जंगल, पहाड़ी नालों और पथरीले रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। जवानों की यह कोशिश इस मायने में भी खास है कि उन पर चारों ओर से नक्सली हमले का खतरा था। फिर भी उन्होने अपने जान की परवाह किए बिना मानवता के कार्य को अंजाम देना ज्यादा मुनासिब समझा।
जज़्बे को सलाम: बीमार महिला को जवानों ने कंधे पर लादकर पहुंचाया अस्पताल..! 2
    जानकारी के मुताबिक जिले के कटेकल्याण में तैनात सीआरपीएफ 195 बटालियन के जवान रविवार को नक्सल आपरेशन के तहत नयानार के जंगलों में सर्चिंग पर निकले थे। तभी रास्ते मे जवानों ने देखा कि एक महिला बीमार हालत में पड़ी है। जवानों ने पूछताछ की तो पता चला कि उस महिला का नाम कोसी है, जो पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित है। कोसी की हालत इतनी खराब थी कि वो न तो चल पा रही थी और न ही ठीक से बात कर पा रही थी। आसपास के लोगों ने बताया कि उसके घर पर 3 मासूम बच्चों के अलावा ऐसा कोई नहीं है जो उसे अस्पताल तक पहुंचा सके। यह सुनकर जवानों ने बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने का फैसला लिया। 
जज़्बे को सलाम: बीमार महिला को जवानों ने कंधे पर लादकर पहुंचाया अस्पताल..! 21
      जवानों ने फौरन बांस का एक अस्थाई स्ट्रेक्चर बनाया और उस पर महिला को बैठाकर अस्पताल की ओर चल पड़े। चूंकि इस इलाके में मोबाइल नेटवर्क नहीं था तो वायरलेस की मदद से 108 एम्बुलेंस को कॉल कर यहां से 10 किमी दूर गाटम तक बुलाया गया। लेकिन जवानों के लिए नयानार से गाटम तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था। घने जंगल के बीच चट्टानों, पहाड़ों और नदी-नालों को पार करते हुए जवान कोसी को सुरक्षित लेकर गाटम पहुंचे। 
जज़्बे को सलाम: बीमार महिला को जवानों ने कंधे पर लादकर पहुंचाया अस्पताल..! 3
       यहां पहले से मौजूद 108 वाहन में महिला को बैठाकर कटेकल्याण के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां जवानों की मदद से पीड़िता को बेहतर इलाज मिल सका। जवान अपने साथ कोसी के बच्चों को भी लेकर आए थे। जवानों ने नक्सली क्षेत्र में अपने जान की परवाह किए बिना मानवता के कार्य को अंजाम दिया जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। 

       
EXCLUSIVE : सरहद पर बनी नक्सलियों के खात्मे की रणनीति..!
      बीजापुर @ खबर बस्तर। बस्तर जोन के आईजी  विवेकानन्द सिन्हा ने आज जिले के सरहद पर पहुँच कर नक्सलियों के खात्मे की रणनीति बनाई। भोपालपटनम से लगे महाराष्ट्र के पातागुडम गांव में उन्होंने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र पुलिस के अफसरों की बैठक लेकर नक्सलियों के विरुद्ध ज्वाइंट ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं। 
EXCLUSIVE : सरहद पर बनी नक्सलियों के खात्मे की रणनीति..! बस्तर आईजी ने महाराष्ट्र के पातागुडम में ली दोनों प्रदेश के अफसरों की बैठक, चलेगा ज्वाइंट ऑपरेशन..!
        वार्षिक निरीक्षण पर बीजापुर पहुंचे आईजी  विवेकानन्द सिन्हा यहाँ से सीधे भोपालपटनम के लिए निकल गए। उनके साथ बीजापुर एसपी केएल ध्रुव, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक सिंह व भोपालपट्नम तहसीलदार बघेल समेत अन्य अफसर मौजूद थे। भोपालपटनम के तिमेड़ से आईजी इंद्रावती नदी को डोंगी से पार कर महाराष्ट्र के पातागुड़ाम में पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र व सीजी पुलिस के अधिकारियों की बैठक लेकर इलाके में ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर नक्सली खात्मे की रणनीति बनाई। 
EXCLUSIVE : सरहद पर बनी नक्सलियों के खात्मे की रणनीति..! बस्तर आईजी ने महाराष्ट्र के पातागुडम में ली दोनों प्रदेश के अफसरों की बैठक, चलेगा ज्वाइंट ऑपरेशन..!   3
        आईजी ने दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों को आपसी सामंजस्य के साथ काम करने को कहा तथा ऑपरेशन चलाने के टिप्स भी दिए। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक विवेकानन्द सिन्हा ने पातागुडम कैम्प के आसपास गाँव के बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृति से अभिभूत होकर उन्हें  नगद पुरस्कार दिया। यहा उन्होंने निर्माणाधीन तिमेड पुल का जायजा भी लिया।