2017
बस्तर में नक्सली उत्पात: 7 वाहनों को किया आग के हवाले... सड़क निर्माण में लगी थी गाड़ियां
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। जिले के कटेकल्याण क्षेत्र से बड़ी खबर है... यहां नक्सलियों ने एक बार फिर सड़क निर्माण में लगे वाहनों को अपना निशाना बनाया है। माओवादियों ने तोयलंका-बड़े लखापाल मार्ग पर 7 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। 
एएसपी जीएन बघेल ने बताया कि कटेकल्याण थाना क्षेत्र में 7 गाड़ियों में नक्सलियों ने आगजनी की है। जिन वाहनोें को नक्सलियों ने फूंक डाला, उनमें 2 ट्रेक्टर, 2 पानी टेंकर, 1 पोकलेन, 1 जेसीबी व 1 रोड रोलर शामिल है। जलाए गए वाहन जगदलपुर के ठेकेदार साहू के बताए जा रहे हैं। 
बताया जा रहा है कि गदापाल से बड़े लखापाल के बीच सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार की शाम सशस्त्र नक्सली मौके पर पहुंचे और एक के बाद एक कर 7 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादी जंगलों की ओर भाग खड़े हुए। 
बारूद के ढेर से निकला हीरा: बीजापुर की बेटी प्रीति दुर्गम बनी बस्तर के युवाओं की प्रेरणा... डिप्टी कलेक्टर बन क्षेत्र को किया गौरवान्वित
    बीजापुर @ खबर बस्तर। दशकों से वामपंथ अतिवाद के थपेड़े खा रहे बीजापुर जिले में पली-बढ़ी प्रीति दुर्गम से इस पिछड़े इलाके को नई पहचान मिली है। मूलतः उसूर की रहने वाली प्रीति दुर्गम का सलेक्शन डिप्टी कलेक्टर के लिए हुआ है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा के इम्तिहान में प्रीति ने 33वां स्थान प्राप्त किया है। वह अजा वर्ग में इस पद पर अव्वल रही है। 
      जिला मुख्यालय में पदस्थ शिक्षक राऊतपारा निवासी दुर्गम नागेश व श्रीमती मीना दुर्गम की लाडली प्रीति बीजापुर की पहली युवती है, जो डिप्टी कलेक्टर बनी है। उनकी प्राथमिक शिक्षा अल्फा पब्लिक स्कूल से हुई। उसके बाद उन्होंने जगदलपुर में दीप्ती कान्वेंट व केन्द्रीय विद्यालय में बारहवीं तक की शिक्षा ग्रहण की। 
प्रीति ने 2012 में सीआईएमटी भिलाई से कंप्यूटर साइंस में बीई करने के बाद नई दिल्ली में यूपीएससी की कोचिंग ली। वे फिर चार साल से छग में ही पीएससी की तैयारी कर रहीं थीं। 
बारूद के ढेर से निकला हीरा: बीजापुर की बेटी प्रीति दुर्गम बनी बस्तर के युवाओं की प्रेरणा... डिप्टी कलेक्टर बन क्षेत्र को किया गौरवान्वित 2
        आख़िरकार चार साल की मेहनत रंग लाई और वे डिप्टी कलेक्टर के लिए चयनित हो गईं। अजा वर्ग  में डिप्टी कलेक्टर के दो पद थे। इसमें भी वे टाॅप पर रहीं। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर के अलावा लेखाधिकारी, वाणिज्य कर अधिकारी, श्रम अधिकारी समेत विभिन्न पदों को चाॅइस में रखा था। 
वे कहती हैं कि डिप्टी कलेक्टर में चयन को लेकर उन्हें थोड़ा संदेह था। चयन होने पर उन्हें काफी खुशी हुई। बचपन से ही उनकी इच्छा सिविल सर्विसेस में जाने की थी। उनका पैतृक निवास उसूर में है। इधर, राऊतपारा स्थित उनके निवास पर पर्व-सा माहौल है। सुबह से नाते-रिश्तेदारों व मित्रों का तांता लगा है। सुबह से ही पूरे परिवार को बधाई मिल रही है।

... जब तकनीकी खराबी के चलते गांव में अचानक लैंड हुआ सरकारी हेलीकॉप्टर... मच गया हड़कंप, सेल्फी लेने उमड़े ग्रामीण !
    रायपुर @ खबर बस्तर। जगदलपुर से रायपुर आ रहे सरकारी हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते अभनपुर के पास सारखी गांव में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे की है। हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर लगते ही हड़कंप मच गया।
       जानकारी के मुताबिक इस हेलीकाप्टर ने जगदलपुर से रायपुर के लिए उड़ान भरी थी। पर रायपुर पहुंचने से पहले हेलीकाप्टर में वाइब्रेशन होने लगा। आसमान में हेलीकाप्टर को डगमगाते देख हेलीकाप्टर के पायलट ने खतरे को भांपते हुए अभनपुर के सारखी गांव में हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त हेलीकॉप्टर में सिर्फ पायलट औऱ को-पायलट ही सवार थे।
... जब तकनीकी खराबी के चलते गांव में अचानक लैंड हुआ सरकारी हेलीकॉप्टर ! मच गया हड़कंप, सेल्फी लेने उमड़े ग्रामीण  2
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और  पायलट और को-पायलट को हेलीकाॅप्टर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इधर, हेलीकाॅप्टर की अचानक हुई लैंडिंग से आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई ग्रामीण मौका देख हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी लेने लगे तो पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के लिहाज से वहां से खदेड़ दिया।
     आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में सरकारी हेलीकाप्टरों की हालत अच्छी नहीं कही जा सकती है। इससे पहले भी एक घायल जवान को लेकर जगदलपुर से रायपुर आ रहा सरकारी हेलीकाप्टर का फ्यूल खत्म हो गया था, जिसके चलते उसकी आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी। वहीं इस घटना में पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया।



 शिक्षाकर्मिर्यों को टायलेट निरीक्षण का आदेश देने वाले IAS जगदीश सोनकर का दंतेवाड़ा तबादला, मंत्री की नाराजगी के बाद हटाया गया
      रायपुर/दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। धमतरी के जिला पंचायत सीईओ जगदीश सोनकर को हटा दिया गया है। उन्हें दंतेवाड़ा भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर की नाराजगी के बाद उनका तबादला किया गया है। 
     आज मंत्रालय से इस संबंध में ट्रांसफर आर्डर भी जारी हो गया है। आदेश के मुताबिक IAS जगदीश सोनकर को दंतेवाड़ा का नया जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है, जबकि वहां के जिला पंचायत सीईओ गौरव कुमार को धमतरी के जिला पंचायत की कमान सौंपी गई है। 
 शिक्षाकर्मिर्यों को टायलेट निरीक्षण का आदेश देने वाले IAS जगदीश सोनकर का दंतेवाड़ा तबादला, मंत्री की नाराजगी के बाद हटाया गया 2
      बता दें कि 2013 बैच के आईएएस अफसर जगदीश सोनकर को हाल ही में गरियाबंद से धमतरी का जिला पंचायत सीईओ बनाया गया था। कुछ ही दिन पहले वे शिक्षाकर्मियों को स्कूलों के शौचालय का निरीक्षण करने का विवादास्पद आदेश देकर सुखिर्यों में आए थे। बाद में इसका विरोध होने पर कलेक्टर के निर्देश पर उन्होने यह आदेश वापस ले लिया था। 
इस पूरे एपिसोड से प्रदेश के कद्दावर मंत्री अजय चंद्राकर उनसे काफी नाराज बताए जा रहे थे। उनके दंतेवाड़ा तबादले को मंत्री की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। 
    बता दें कि इससे पहले भी बलरामपुर के एसडीएम रहते जगदीश सोनकर उस वक्त विवाद में आये थे, जब उन्होंने अस्पताल में मरीजों के बिस्तर पर जूता रख दिया था। हालांकि, इसकी तस्वीर के मीडिया में आने के बाद उन्होंने माफी मांग ली थी।


रायपुर में आक्सीजोन की कवायद तेज: खालसा स्कूल के पास दुकानों पर चला बुलडोजर, व्यापारियों में रोष
     रायपुर @ खबर बस्तर। राजधानी रायपुर के बीचों-बीच 20 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित ऑक्सीजोन के लिए कवायद तेज हो गई है। आज सुबह तमाम विरोध के बावजूद प्रशासन और नगर निगम के अमले ने खालसा स्कूल के सामने स्थित दुकानों पर बुलडोजर चला दिया। तोड़फोड़ की यह कार्रवाई उस वक्त शुरू हुई जब दुकानों के शटर तक नहीं खुले थे। 
रायपुर में आक्सीजोन की कवायद तेज: खालसा स्कूल के पास दुकानों पर चला बुलडोजर, व्यापारियों में रोष 2
       इसके लिए इस क्षेत्र में 70 दुकानें तोड़ने की कार्रवाई शुरु की गई। बता दें कि जिला प्रशासन और नगर निगम के इस फैसले का व्यापारी कड़ा विरोध कर रहे हैं। लिहाजा कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया था, ताकि कोई अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो। बताया जा रहा है कि खालसा स्कूल के पास बन रहे ऑक्सीजोन के लिए इस क्षेत्र की दुकानें बाधा बन रहीं थी। 
दुकानों का शटर खुलने के पहले ही प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में दिखी नाराजगी
     दुकानों को तोड़ने का फैसला हुआ तो व्यापारी विरोध पर उतर आए। यहां तक की मामले ने राजनैतिक रंग भी ले लिया था, लेकिन तमाम विरोध के बाद ऑक्सीजोन के लिए दुकानें तोड़ने की कार्रवाई शुरु की गई। हालांकि, प्रशासन ने व्यापारियों को दूसरे स्थान पर दुकानें उपलब्ध कराने की बात कही है, लेकिन व्यापारियों का विरोध बरकरार है। 
नक्सलियों के सबसे बड़े लीडरों में से एक जम्पन्ना ने इसलिए किया पत्नी के साथ सरेंडर..! जानिए क्या है पूरी कहानी
       न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के सदस्य व 1 करोड़ के ईनामी नक्सली लीडर जम्पन्ना ने अपनी पत्नी के साथ तेलंगाना के हैदराबाद में सरेंडर कर दिया। पुलिस अफसरों द्वारा मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस दौरान पुलिस ने जो प्रेस नोट जारी की है, उसमें नक्सली लीडर के सरेंडर के पीछे जो कहानी बताई जा रही है। वह बेहद चौंकाने वाली है। 
नक्सलियों के सबसे बड़े लीडरों में से एक जम्पन्ना ने इसलिए किया पत्नी के साथ सरेंडर..! जानिए क्या है पूरी कहानी 2
       पुलिस की मानें तो जम्पन्ना ने अपने आत्मसमर्पण के पीछे माओवादी संगठन का विचारधारा से भटकाव को एक बड़ी वजह माना है। बताया जा रहा है कि फरवरी 2017 में ओडिशा के कंधमाल में हुई 5वीं सीसी की बैठक में जम्पन्ना के पार्टी लाइन के साथ वैचारिक मोर्चे पर मतभेद हुए थे। बैठक में उन्होने आरोप लगाया कि माओवादी संगठन अब जनता, विशेष रूप से किसानों, मजदूर वर्ग और छात्रों के साथ संपर्क खो चुकी है। 
नक्सलियों के सबसे बड़े लीडरों में से एक जम्पन्ना ने इसलिए किया पत्नी के साथ सरेंडर..! जानिए क्या है पूरी कहानी 3
      दावा है कि इसी के बाद जम्पन्ना ने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया। हांलाकि कुछ जानकार सूत्र ये भी बताते हैं कि पुलिस से लगातार भागते हुए जम्पन्ना थक चुका था और उसकी बीमारी भी सरेंडर की एक वजह थी। बता दें कि जम्पन्ना की पहली पत्नी ज्योति ने भी साल 2007-08 के दरमियान आंध्र पुलिस के समक्ष नक्सलवाद से तौबा कर ली थी। वहीं उसकी दूसरी पत्नी एच. अनिता उर्फ रंजीता ने अपने पति के साथ समर्पण करने का निर्णय लिया। 
नक्सलियों के सबसे बड़े लीडरों में से एक जम्पन्ना ने इसलिए किया पत्नी के साथ सरेंडर..! जानिए क्या है पूरी कहानी 4
छत्तीसगढ़ में कई बड़े हमलों में रही संलिप्तता: 
   सेंट्रल मिलिट्री कमीशन का सदस्य होने के नाते जम्पन्ना का छत्तीसगढ़ में हुए बड़े नक्सली वारदातों में संलिप्तता की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि ताड़मेटला काण्ड, झीरम घाटी काण्ड, रानीबोदली जैसे बड़े नक्सली हमलों में वह शामिल रहा होगा। हालांकि तेलंगाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ सहित माओवाद प्रभावित दूसरे राज्यों में उसकी सक्रियता को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है। 
नक्सलियों के सबसे बड़े लीडरों में से एक जम्पन्ना ने इसलिए किया पत्नी के साथ सरेंडर..! जानिए क्या है पूरी कहानी 5
       इन वारदातों में रहा शामिल
    बताया जाता है कि वर्ष 1984 में पीडब्ल्यूजी में शामिल होने वाले जम्पन्ना ने सीपीआई (माओवादी) पार्टी में 33 साल बिताए। इस दौरान वह 100 से अधिक घटनाओं में शामिल रहा। जिसमें तेलंगाना में 51 मामले शामिल थे। इनमें से प्रमुख घटनाएं यह हैं...
     ⏩  1991 में जयशंकर भूपालपल्ली जिले के वाजेड़ पुलिस थाने पर हमला कर हथियार लूटने में उसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस घटना में माओवादियों ने 14 हथियारों को छीन लिया और एक पुलिस कांस्टेबल को घायल कर दिया था।
       ⏩  इसी साल एटुरनागरम थाना क्षेत्र के चेलपाका में चुनाव के दौरान पुलिस जीप को विस्फोट कर उड़ा दिया, जिसमें 6 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे।
       ⏩  1997 में कराकगुडेम पुलिस स्टेशन में हमले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस वारदात में पुलिसकर्मियों के 17 हथियार छीनने के अलावा पुलिस कर्मियों को मार दिया था।

'टाइगर' ने दी 'दंगल' को को पटखनी: वीकेंड में की इतनी कमाई की टूट गए सारे रिकार्ड... जानिए 3 दिनों का कलेक्शन
     न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। सुपर स्टार सलमान खान ने 'टाइगर जिंदा है' के जरिए बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त दहाड़ लगाई है। सलमान और कटरीना कैफ स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के कई रिकॉर्ड्स तोड़ डाले। फिल्म ने तीसरे दिन रविवार को उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। 
बॉक्स ऑफिस इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक 'टाइगर जिंदा है' फिल्म ने रविवार को करीब 44.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। 
'टाइगर जिंदा है'
       कमाई के मामले में सलमान खान ने आमिर खान की फिल्म 'दंगल' को भी पछाड़ा दिया है। 'दंगल' ने रिलीज के तीसरे दिन 41.29 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। जबकि तीन दिनों में ही टाइगर का आंकड़ा 110 करोड़ के पार पहुंच गया है।
       इस फिल्म ने कुल मिलाकर 114 करोड़ की कमाई की है। अब उम्मीद है फिल्म हफ्ते भर में 200 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लेगी। फिल्म को क्रिसमस और नए साल की छुट्टी का फायदा भी जरूर मिलेगा।
बस्तर में बेलगाम हुए माओवादी ! तेलंगाना की RTC यात्री बस को बनाया अपना निशाना, तोड़फोड़ कर भागे नक्सली
     ओलम नागेंद्र @ कोंटा। बीती रात कोंटा थाना के फन्दीगुड़ा के पास नक्सलियों ने एक चार पहिया वाहन के साथ साथ बाइक को आग के हवाले कर दिया था। उसके कुछ ही देर बाद नक्सलियों ने तेलंगाना के RTC बस को अपना शिकार बनाया। यहां 100 से अधिक नक्सलियों ने बस में तोड़ फोड़ की।
    बताया जा रहा है कि उक्त बस बीते दो दिनों से खराब थी, जिसे नक्सलियों ने अपना निशाना बनाया। बता दें कि जिले में चल रहे विकास कार्यों से नक्सली बौखलाए हुए हैं। इसी बौखलाहट में वे जगह जगह उत्पात मचा रहे हैं।      

बस्तर में बेलगाम हुए माओवादी! तेलंगाना की RTC यात्री बस को बनाया निशाना, तोड़फोड़ कर भाग खड़े हुए  2
जिस बस में नक्सलियों ने तोड़फोड़ की वह जगदलपुर से तेलंगाना के हैदराबाद रोजाना रात्रि में चलती थी। बस के ड्राइवर व कंडेक्टर सुरक्षित थाने में हैं। रात की घटना को देखते हुए कोंटा एर्राबोर, दोरनापाल में पुलिस प्रशासन ने सर्चिंग अभियान तेज़ कर दिया है। 
नक्सलिसों को बड़ा झटका: एक करोड़ के इनामी माओवादी लीडर ने तेलंगाना में किया सरेंडर... बस्तर में कई बड़ी वारदातों में थी सक्रियता
      जगदलपुर/दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। माओवादियों के खिलाफ चल रहे नक्सल आपरेशन में पुलिस को बेहद अहम कामयाबी हासिल हुई है। नक्सलियों की केंद्रीय कमिटी के सदस्य नरसिंह रेड्डी उर्फ जम्पन्ना ने तेलंगाना पुलिस के समक्ष सरेण्डर कर दिया है। आत्मसमर्पित माओवादी लीडर पर विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा एक करोड़ से अधिक का ईनाम घोषित कर रखा था। 
बताया जा रहा है कि जम्पन्ना ने अपनी पत्नी रजिता के साथ बीती रात तेलंगाना पुलिस से समक्ष आत्म समर्पण कर दिया। 
नक्सलिसों को बड़ा झटका: एक करोड़ के इनामी माओवादी लीडर ने तेलंगाना में किया सरेंडर... बस्तर में कई बड़ी वारदातों में था सक्रिय
     नक्सलियों की केंद्रीय कमिटी के सदस्य नरसिंह रेड्डी उर्फ जम्पन्ना आंध्र-ओडिशा स्पेशल जोनल कमेटी का सचिव भी है। पुलिस अफसरों के मुताबिक वह बस्तर में कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है। जम्पन्ना पर छत्तीसगढ़ सरकार ने भी 40 लाख रूपए का इनाम घोषित कर रखा था। 
खबर बस्तर डॉट कॉम से चर्चा में डीआईजी सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सलियों की केंद्रीय कमिटी के सदस्य नरसिंह रेड्डी उर्फ जम्पन्ना ने तेलंगाना पुलिस के समक्ष सरेण्डर कर दिया है। पर तेलंगाना पुलिस द्वारा अभी आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की है। 
       डीआईजी के मुताबिक वारंगल निवासी जम्पन्ना बस्तर में भी सक्रिय रहा। उस पर छग सरकार ने 40 लाख का इनाम घोषित किया है। फिलहाल वह ओड़िसा के कंधमाल व कालीहांडी डिविजन में सक्रिय था। नक्सली लीडर के आत्मसमर्पण को माओवादियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। 
KB Breaking: किष्टाराम क्षेत्र में नक्सलियों ने मचाया तांडव... सड़क निर्माण में लगी एक दर्जन से अधिक वाहनों को फूंक डाला
      दंतेवाड़ा/सुकमा @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से इस समय बड़ी खबर आ रही है। यहां नक्सलियों द्वारा सड़क निर्माण में लगी एक दर्जन से अधिक वाहनों में आगजनी की खबर है। आज देर शाम माओवादियों ने उत्पात मचाते हुए किष्टाराम थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहनों को आग के हवाले कर दिया। 
     बताया जा रहा है कि मजदूरों व ड्राइवरों के साथ मारपीट कर इन्हें बंधक बना कर नक्सली अपने साथ जंगल ले कर गए थे। खबर है कि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। 
सुकमा एसपी अभिषेक मीणा ने खबर बस्तर डॉट कॉम को बताया कि किष्टाराम थाना क्षेत्र के कासाराम के पास की यह घटना है। नक्सलियों ने यहां तबाही मचाते हुए तकरीबन दर्जन भर वाहनों को फूंक डाला। 
     एसपी के मुताबिक नक्सलियों द्वारा जलाई गई वाहनों में ट्रेक्टर, मिक्सर मशीन व आॅटो शमिल हो सकते हैं। चूंकि यह क्षेत्र संवेदनशील है एवं नेटवर्क की दिक्कत के चलते सही घटनाक्रम की जानकारी शुक्रवार की सुबह ही मिल सकती है। 
     एसपी ने बताया कि किष्टाराम व चिंतलनार के बीच सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। जिसमें उक्त वाहन लगे थे। उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा कुछ आॅटो में भी आगजनी की गई है, जो तेलंगाना व छत्तीसगढ़ के बीच ग्रामीणों को लाने ले जाने का काम करती थी। 

जिला पंचायत CEO ने दिया ऐसा शर्मनाक आदेश की होने लगा विरोध... पढ़िए पूरी खबर
     न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षाकर्मियों के लिए ऐसा आदेश जारी किया है, जिसे लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। दरअसल, यहां के जिला पंचायत सीईओ जगदीश सोनकर ने शिक्षाकर्मियों को सरकारी स्कूलों के मूत्रालय का निरीक्षण कर बच्चों द्वारा इसके इस्तेमाल करने की फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने का आदेश जारी किया है। इस फरमान को लेकर शिक्षाकर्मियों में रोष देखा जा रहा है। 
    बता दें कि धमतरी जिले के के चार विकासखंड धमतरी, कुरूद, मगरलोड व नगरी के सभी ग्राम पंचायतों में 355 विद्यालयों में मूत्रालयों का निर्माण कराया गया है। इन मूत्रालयों के नियमित उपयोग व रखरखाव के लिए निरीक्षण का आदेश सीईओ द्वारा जारी किया गया है। आदेश में स्कूल के शिक्षक व क्लास प्रमुख को मूत्रालय उपयोग निरीक्षण की ड्यूटी दी गयी है। 
बड़ा सवाल यह है कि जिन स्कूलों में छात्रों के बीच सिर्फ शिक्षिका पदस्थ है, या फिर जहां छात्राओं के बीच शिक्षक पदस्थ हैं, उन स्कूलों में निरीक्षण कैसे होगा...? और क्या टॉयलेट करते बच्चों-बच्चियों की तस्वीर लेना मर्यादित है। इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 
    इस आदेश से शिक्षाकर्मियों के बीच तीखी नाराजगी है। शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा के प्रदेश संचालक संजय शर्मा के मुताबिक धमतरी के जिला पंचायत सीईओ का यह आदेश अव्यवहारिक एवं अशोभनीय है। उक्त आदेश के तहत इस प्रकार के कार्य कराए जा रहे है, जो बेहद अमर्यादित और विद्यार्थियों के निजता के अधिकार का खुला उलंघन है। 



इधर बस्तर में मुख्यमंत्री बिजली तिहार का कर रहे थे शुभारंभ... उधर, माओवादियों ने आधा दर्जन से अधिक वाहनों को फूंक डाला
     कोंडागांव @ खबर बस्तर। भारत बंद के दिन नक्सलियों ने जिले में जोरदार उपस्थिति दिखाते हुए सड़क निर्माण में लगी आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को फूंक डाला। घटना मंगलवार दोपहर की है। वाहनों में आग लगाने के बाद नक्सली भाग खड़े हुए।
      नक्सलियों ने ईरागांव थाना अंतर्गत इस वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक चुरेगांव-सवालवाही मार्ग पर सुनील कंस्ट्रक्शन की वाहनें सड़क निर्माण कार्य में लगी थी। मौके पर काम चल रहा था, तभी वहां बड़ी संख्या में माओवादी आ धमके और एक-एक कर वाहनों को आग के हवाले कर दिया। 
     नक्सलियों द्वारा आगजनी के अलावा मुशी को बंधक बनाने व कुछ लोगों से मारपीट करने की भी खबर है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।  
BIG BREAKING: बासागुड़ा CRPF कैम्प में जवान ने साथी जवानों पर चलाई गोलियां, दो SI व एक ASI समेत 4 की मौत, एक जवान घायल
      बीजापुर @ खबर बस्तर। बीजापुर जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है। यहां बासागुड़ा सीआरपीएफ कैम्प में पदस्थ एक जवान ने साथी जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 4 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
       बस्तर डीआईजी पी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि कर दी हैै। जानकारी के मुताबिक बासागुड़ा में स्थित सीआरपीएफ 168वीं बटालियन के आरक्षक संतराम ने आज शाम अपने साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 
     इस वारदात में एसआई वीके शर्मा (जम्मू कश्मीर) , एसआई मेघसिंह (अहमदाबाद) , एएसआई राजवीर (झुंझनू, राजस्थान) एवं आरक्षक जीएस राव (विजयनगरम) की मौके पर सांसें थम गई। जबकि एक एएसआई गजानंद (रेवाड़ी, हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गया है। फिलहाल आरोपी जवान पुलिस की हिरासत में हैं। वहीं इस हमले में घायल एएसआई को रायपुर रेफर किया गया है। 

बड़ी खबर... सरकार की सख्ती का असर, शिक्षाकर्मियों का अनिश्चिकालीन हड़ताल बिना शर्त समाप्त
     रायपुर @ खबर बस्तर। प्रदेश भर में बीते 15 दिनों से जारी शिक्षाकर्मियों की बेमियादी हड़ताल देर रात बिना शर्त समाप्त हो गई। सरकार ने शिक्षाकर्मियों के खिलाफ कड़ा फैसला लेते हुए कल शाम 41 शिक्षाकर्मी नेताओं को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद तेजी से बदले घटनाक्रम में देर रात खबर आई कि शिक्षाकर्मियों ने अपनी हड़ताल नि:शर्त खत्म कर दी है। 
       शिक्षाकर्मी संघ ने प्रेस कांफ्रेंस कर हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया है। सूत्रों की मानें तो शिक्षाकर्मियों की हड़ताल को तोड़वाने में रायपुर कलेक्टर ओपी चौधरी व एसपी संजीव शुक्ला ने अहम रोल प्ले किया। प्रशासन की दखल के बाद सरकार से अनुमति लेकर शिक्षाकर्मी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जेल में बंद पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद ही हड़ताल वापस लेने का फैसला शिक्षाकर्मियों ने लिया। 
दरअसल, सरकार द्वारा कल 41 शिक्षाकर्मियों को बर्खास्त किए जाने के बाद से शिक्षाकर्मी संघ से जुड़े कई लोग दबाव में थे। इधर, सरकार भी झुकने को तैयार नहीं थी। सरकार का पूरा जोर इस बात पर था कि मंगलवार 5 दिसंबर को कांग्रेस द्वारा बुलाया गया छत्तीसगढ़ बंद सफल न हो सके। क्योंकि बंद अगर कामयाब रहता तो सरकार की इसमें बड़ी किरकिरी होती। इस बंद को छत्तीसगढ़ चेंबर आॅफ कॉमर्स ने भी समर्थन देने से इंकार कर दिया था। 

सीआरपीएफ कैम्प के करीब नक्सलियों ने दिनदहाड़े लगाए बैनर-पोस्टर, 2 दिसंबर से पीएलजीए सप्ताह मनाने का किया ऐलान
       दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। आज दोपहर दंतेवाड़ा-बचेली मुख्यमार्ग पर कमेली के पास नक्सलियों ने दिनदहाड़े बैनर, पोस्टर लगाकर सनसनी मचा दी। इस व्यस्त सड़क के बीचों बीच माओवादियों द्वारा फेंके गए पर्चों में 2 से 8 दिसंबर तक पीएलजीए का स्थापना सप्ताह मनाने का उल्लेख किया गया है। नक्सलियों ने जिस स्थान पर पर्चे व बैनर, पोस्टर फेंके हैं, वहां से सीआरपीएफ कैम्प बमुश्किल 300 मीटर दूर है। 
सीआरपीएफ कैम्प के करीब नक्सलियों ने दिनदहाड़े लगाए बैनर-पोस्टर, 2 दिसंबर से पीएलजीए सप्ताह मनाने का किया ऐलान
      बता दें कि नेरली घाट में बीते वर्षों में नक्सली पेड़ काट कर मार्ग अवरूद्ध करने व वाहनों में आगजनी जैसी वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। लेकिन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के लगातार बढ़ते दबाव के चलते नक्सली गतिविधियां लगभग थम सी गई थीं। काफी दिनों के बाद इस इलाके में नक्सली पर्चे देखे गए हैं। इस घटना के बाद राहगीरों में दहशत व्याप्त है। यह इलाका भांसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। 

कोंटा थाना क्षेत्र में भी मिले नक्सली पर्चे

सीआरपीएफ कैम्प के करीब नक्सलियों ने दिनदहाड़े लगाए बैनर-पोस्टर, 2 दिसंबर से पीएलजीए सप्ताह मनाने का किया ऐलान 3
        दोरनापाल @ खबर बस्तर। इधर, कोंटा थाना क्षेत्र के चिक्कलगुड़ा के पास भी नक्सलियों ने पर्चे फेंके हैं, जिसमें पीएलजीए की 17 वीं वर्षगांठ को सफल बनाने की अपील की गई है। पर्चे में सामंती व साम्राज्यवादी विरोधी वर्ग संघर्ष को तेज करने संबंधी बातें लिखी गई है।

यहां के कलेक्टर ने किया कुछ ऐसा की हर तरफ होने लगी चर्चा... आप भी जानिए क्या है वजह
        न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। बलरामपुर के कलेक्टर अवनीश शरण एक फिर से सुर्खियों में है। अपनी बेटी को सरकारी स्कूल में दाखिला दिलाकर समूचे प्रदेश में एक नज़ीर पेश करने वाले डीएम इस बार अपने फेसबुक पोस्ट को लेकर चर्चा में है। दरअसल, इस पोस्ट में उन्होंने एक फोटो शेयर की है, जिसमें वे अपनी बेटी वेदिका के साथ नजर आ रहे हैं। 
       यह तस्वीर इस मायने में बेहद खास है क्योंकि वे अपनी बिटिया के साथ खाना खाते दिख रहे हैं। वह भी कहीं और नहीं, बल्कि बेटी के सरकारी स्कूल में... एक कलेक्टर का बिटिया के साथ स्कूल में मिड डे मील खाते हुए यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। लोग इस पर कमेंट भी कर रहे हैं। 
      लोगों का कहना है कि डीएम की यह पहल अनुकरणीय है। ऐसी पहल से प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल सकती है। बता दें कि बलरामपुर कलेक्टर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए जिले के अलग-अलग स्कूलों का अक्सर दौरा करते रहते हैं। उनकी इस ताजा पहल ने एक बार फिर इस चर्चा को जन्म दे दिया है कि क्या ऐसा हरेक अफसर और जनप्रतिनिधि नहीं कर सकते, ताकि लोगों के लिए यह एक प्रेरणा बन जाए।   

जिला अस्पताल में बेहतर इलाज से लौट रही मरीजों के चेहरों पर मुस्कान
बदलते बीजापुर की पहचान बन रहा जिला अस्पताल... होने लगी प्लास्टिक सर्जरी, थायराइड का आॅपरेशन भी
      बीजापुर @ खबर बस्तर। जिला प्रशासन की पहल पर जिला अस्पताल में हुए कायाकल्प का असर अब दिखने लगा है। यहां आधुनिकीकरण व विशेषज्ञ डाक्टरों की नियुक्ति के बाद इलाज में सफलता के नए आयाम गढ़े जा रहे है। कभी बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं की वजह से सुर्खियों में रहने वाली यह संस्था अब बदलते बीजापुर की पहचान बनकर उभरी है। अस्पताल में अब प्लास्टिक सर्जरी व थायराइड जैसे जटिल आॅपरेशन भी सफलतापूर्व​क होने लगे हैं, जो जिले की बदलती तस्वीर का गवाह भी है।  
नक्सल प्रभावित जिले में दिनों दिन बेहतर होती स्वास्थ्य सुविधाओं से हजारों मरीजों को जहां लाभ मिल रहा है, वहीं जिला अस्पताल में इलाज के प्रति लोगों में विश्वास भी बढ़ा है। अब बेहतर इलाज के लिए जिले के मरीज दीगर जगहों पर भटकने की बजाय सीधे जिला अस्पताल पहुंच जाते हैं। 
बदलते बीजापुर की पहचान बन रहा जिला अस्पताल... होने लगी प्लास्टिक सर्जरी, थायराइड का आॅपरेशन भी 2
       हाल ही में भालू के हमले से अपने जबड़े और चेहरे का बड़ा हिस्सा गंवा चुके बन्डे कुडियम को प्लास्टिक सर्जरी के जरिए जहां नई मुस्कान मिली। वहीं बीते 10 सालों से अपने गले में थायराइड का ग्वाईटर लिये घूम रही चिनक्का को सफल आॅपरेशन के जरिए नई जिंदगी मिली है। बड़े शहरों में जहां यह दोनों ईलाज के दौरान लाखों रूपये खर्च हो जाते है, वहीं बीजापुर अस्पताल में दोंनों मरीजों का मुफ्त व सफल इलाज कर संभव हुआ है।  
केस-1
दो महीने पहले तोयनार निवासी बन्डे कुडियम अपने खेत से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसका जबड़ा टूट गया तथा चेहरे की चमड़ी बाहर आ गई। हमले में बुरी तरह जख्मी बन्डे कुडियम को रात में ही जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया। 
      अस्पताल के सर्जन डाॅक्टर एस नागुलन ने सबसे पहले बन्डे कुडियम के जबड़े के टुटे हुए हड्डियों को वापस जोड़ने के बाद 5 दिन तक अस्पताल में देखरेख में रखा। इसके बाद छाती के हिस्से से चमड़ी को निकालकर गाल और ऊपर के जबड़े में फिक्स कर पीएमएमसी फ्लेप किया गया। इस दौरान 3 हफ्ते तक अस्पताल में भर्ती करने के बाद बन्डे की स्थिति में काफी सुधार आया और अब वह पूरी तरह सुरक्षित व स्वस्थ है। 
केस-2
मद्देड़ निवासी चिनक्का अपना चेकअप कराने जिला अस्पताल आई तब उसके गले में 2 किलो का थायराईड ग्वाईटर लटक रहा था। ग्वाईटर की वजह से चिनक्का का गर्दन ऊपर नीचे नहीं हो पाता था। गरीबी की वजह से ग्वाईटर के चेकअप के लिए जगदलपुर जाने में उसने असमर्थता व्यक्त की। ऐसे में डाॅक्टर नागुलन ने चिनक्का के ब्लड सेंपल लेकर अपने पैसे से जगदलपुर भेजकर जांच करायी तथा उसे अस्पताल में रोके रखा। 
      जांच रिपोर्ट आने के बाद 60 वर्षीय चिनक्का का जिला अस्पताल में 7 घण्टे तक थायराइड ग्वाईटर का सफल आपरेशन किया। इस आपरेशन में मरीज की जिंदगी के लिए काफी खतरा होने के बावजूद जिला अस्पताल ने मरीज का ईलाज कर लोगों के बीच बेहतर व सफल ईलाज की संभावनाओं को और मजबूत किया। 
जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार व सर्जरी की सफलता पर सीएमएचओ डाॅक्टर बीआर पुजारी ने बताया कि आधुनिक उपकरण व विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती से अब यहां पर गंभीर मरीजों का भी सफल इलाज संभव हुआ है। चेन्नई के सर्जन डाक्टर एस नागुलन की सेवाओं से स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिल रही है। अब ज्यादातर ईलाज व सर्जरी जिला अस्पताल में ही हो रहे है इससे यहां के गरीब परिवारों को काफी राहत मिल रही है।

नक्सली उत्पात: रेल लाइन निर्माण में लगी 5 वाहनों में लगाई आग... वनकर्मियों व मजदूरों को पीटा, ठेकेदार के बेटे के अपहरण की भी खबर
       कांकेर @ खबर बस्तर। नक्सलियों ने जिले में आज जमकर उत्पात मचाते 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना ताड़ोकी थाना क्षेत्र की है, जहां हथियारबंद नक्सलियों ने वाहनों में आगजनी के साथ ही वनकर्मियों व मजदूरों की जमकर पिटाई भी की। वहीं माओवादियों द्वारा ठेकेदार के बेटे का अपहरण किए जाने की भी खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जिन वाहनों को फूंक डाला वो रेल लाइन निर्माण कार्य में लगी थी। कांकेर एसपी केएल ध्रुव ने घटना की पुष्टि करते बताया कि कोसरेंडा के पास निर्माण कार्य में लगे 5 वाहनों को माओवादियों ने आग लगा दी। इनमें 3 टिप्पर, एक हाइवा और एक हाइड्रोलिक लोडर शामिल है। वारदात को अंजाम देने बड़ी संख्या में नक्सली पहुंचे थे। इनमें महिला माओवादी भी शामिल थीं। 
       एसपी के मुताबिक माओवादियों ने गाड़ियों में आग लगाने के अलावा वन विभाग के कर्मचारियों व मौके पर मौजूद मजदूरों से मारपीट भी की है। इसकी शिकायत वनकर्मियों ने थाने में पहुंचकर की। हालांकि, एसपी ने ठेकेदार के बेटे के अपहरण की जानकारी होने से इंकार कर दिया। उन्होने बताया कि मजदूरों व वनकर्मियों को नक्सलियों द्वारा अपने साथ ले जाकर पूछताछ की गई है। मौके से किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में वनकर्मी कामयाब रहे। 

दक्षिण बस्तर को चार दशक बाद मिली एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात, विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
        दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। सोमवार 20 नवंबर 2017 का दिन दक्षिण बस्तर के निवासियों के लिए ऐतिहासिक व अविस्मरणीय रहा... आज चार दशक के इंतजार के बाद क्षेत्र के लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल गई। लौहनगरी किरन्दुल के रेलवे स्टेशन से किरंदुल-विशाखापट्नम एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही रवाना हुई लोगों ने एक दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया। 
दक्षिण बस्तर को चार दशक बाद मिली एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात, विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 2
      क्षेत्रीय विधायक श्रीमती देवती कर्मा ने किरंदुल-विशाखापट्नम एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस क्षेत्र के लोगों की एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा हेतु बधाई दी। इस मौके पर रेल्वे स्टेशन में बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्र के लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात देने के लिए रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार जताया। 
      इस दौरान किरंदुल रेल्वे स्टेशन में उत्साह का वातावरण देखने को मिला और लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेन में अपने नाते रिश्तेदारों तथा मित्रों को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देकर विदा किया। इस अवसर पर नपा किरंदुल अध्यक्ष श्रीमती अनिल राजीमोल, पूर्व विधायक भीमा मंडावी, जिला पंचायत सदस्य चैतराम अटामी सहित जनप्रतिनिधिगण व ग्रामीणजन मौजूद थे।
महानगरों तक पहुंच होगी आसान:   विशाखापट्नम-जगदलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को किरंदुल तक संचालित करने से इस क्षेत्र के लोगों को विशाखापट्नम, हैदराबाद, कोलकाता,चेन्नई, बैंगलूरू ईत्यादि बड़े शहरों मेें आने-जाने के लिए सुविधा होगी। वहीं शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओंं के लिए इन शहरों तक आसान आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके साथ इस दूरस्थ इलाको में सेवाएं देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के लिए यह एक्सप्रेस ट्रेन आवागमन के लिए किफायती विकल्प होगी। 
पर्यटन केन्द्रों को मिलेगा बढ़ावा
     एक्सप्रेस ट्रेन के किरन्दुल तक विस्तारीकरण से दक्षिण बस्तर के पर्यटन केन्द्रों तक सैलानियों की पहुंच हो सकेगी। देश के विभिन्न हिस्सों के पर्यटक बस्तर की आराध्य देवी मॉ दतेश्वरी का दर्शन करने सहित ऐतिहासिक मंदिरों की नगरी बारसूर, समलूर के अलावा ढोलकल को देख सकेंगे तथा बस्तर की संस्कृति को करीब से समझ सकेंगे। इन सभी आशाजनक परिणामों से निश्चित ही विशाखापट्नम-किरंदुल एक्सप्रेस ट्रेन के जरिये क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा। 
40 साल बाद एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन:    किरन्दुल से विशाखापट्नम तक एक्सप्रेस ट्रेन के​ विस्तारीकरण की मांग क्षेत्र के लोग काफी लंबे अरसे से कर रहे थे। स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब जाकर पूरी होने से क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि किरंदुल से काेत्तावालसा रेलवे लाइन की शुरूआत 1960 में हुई थी। इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन 1966-67 से शुरू हुआ, जबकि पहली पैसेंजर ट्रेन की शुरूआत सितंबर 1976 में हुई थी। 
      
बैलगाड़ी के जरिये हो रही थी बेशकीमती सागौन की तस्करी, वन अमले की कार्रवाई में पकड़ाया लाखों का सागौन
          बीजापुर @ खबर बस्तर। वन विभाग के अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज भोपालपटनम ब्लाक के ग्राम देपला के जंगल में सागौन लकड़ियों का जखीरा बरामद करने में कामयाबी पाई है। इस इलाके में लंबे समय से सागौन तस्करी की सूचनाएं मिल रही थी, जिसके बाद आखिरकार वन महकमे ने कार्रवाई की और सागौन के लट्ठों से लदी दर्जनभर से अधिक बैलगाड़ियों को जब्त किया।     
बैलगाड़ी के जरिये हो रही थी बेशकीमती सागौन की तस्करी, वन अमले की कार्रवाई में पकड़ाया लाखों का सागौन 2
      बताया जा रहा है कि वन तस्कर बैलगाड़ियों के जरिये बेशकीमती सागौन के लट्ठों को पार करने की फिराक में थे, लेकिन वन अमले की इस कार्रवाई से वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। वन  विभाग द्वारा जब्त की गई 6 से 7 घनमीटर सागौन लकड़ी की कीमत 6 से 7 लाख रूपए तक आंकी गई है। विभागीय कर्मचारियों द्वारा सभी बैलगाड़ियों को भी जब्त किया गया है। 
       बहरहाल, इस कार्रवाई में तस्कर भी पकड़ाए हैं या नहीं, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। खबर बस्तर डॉट कॉम ने इसकी तस्दीक के लिए बीजापुर डीएफओ एस. गुरूनाथन के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया पर उनसे संपर्क नहीं हो सका। 

चिंतागुफा के पास प्रेशर बम ब्लास्ट में सीआरपीएफ का जवान घायल, हेलीकॉप्टर से रायपुर किया गया रेफर
       अमन भदौरिया/ओलम नागेन्द्र @ दोरनापाल/कोंटा। सुकमा जिले के चिंतागुफा इलाके में आज तड़के हुए प्रेशर बम ब्लास्ट में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया। हादसे में जख्मी जवान को पैर में गंभीर चोटें आई थी। उसका इलाज चिंतागुफा में करने के बाद हेलीकॉप्टर से रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया। सुकमा एसपी अभिषेक मीणा ने घटना की पुष्टि कर दी है।  
       जानकारी के मुताबिक आज अल सुबह चिन्तागुफा थाने से CRPF 150 बटालियन की 2 टुकड़ी सर्चिंग पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम के चपेट मे सीआरपीएफ का एक जवान आ गया। घटना में जवान के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थी। 
         जवान का प्राथमिक उपचार पहले CRPF कैम्प में किया गया फिर हेलरकॉप्टर से रायपुर भिजवाने की तैयारियां चल रही थी। इसी बीच गंभीर रूप से घायल जवान की मौत हो गई। शहीद घायल जवान का नाम के. वेंकटेश बताया जा रहा है, जो हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। 
जवान आंध्रप्रदेश के राजमहेन्द्री का रहने वाला है। 
विधायक ने किया कटेकल्याण क्षेत्र का दौरा, ग्रामीणों से रूबरू होकर जानी समस्या
विधायक ने किया आश्रम का निरीक्षण तो छात्राएं बोलीं- 'आश्रम में गंदा पानी पीते हैं, मिड डे मील भी टाइम पर नहीं मिलता'
       दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। क्षेत्रीय विधायक देवती महेन्द्र कर्मा का जनसंपर्क अभियान इन दिनों चरम पर है। बारसूर प्रवास के बाद अब उन्होंने कटेकल्याण इलाके का सघन दौरा शुरू कर दिया है। अपने पांच दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन विधायक श्रीमती कर्मा ने कटेकल्याण के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया।
विधायक ने किया आश्रम का निरीक्षण तो छात्राएं बोलीं- 'आश्रम में गंदा पानी पीते हैं, मिड डे मील भी टाइम पर नहीं मिलता' 2
         इस दौरान आश्रम में व्याप्त कई अव्यवस्थाओं से वे रूबरू हुईं। छात्राओं ने बताया कि आश्रम में साफ पानी की व्यवस्था नही है। ऐसे में छात्राओं को गंदा पानी पीकर यहाँ रहना पड़ता है। मध्यान्ह भोजन बनाने वाले रसोईए भी हमेशा नदारद रहते है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों ने विधायक से गणित व अंग्रेजी के टीचर की मांग भी की। विधायक देवती कर्मा ने बच्चों से वादा किया कि वे प्रशासन के सामने छात्राओं की समस्याएं रखेंगी और जल्द ही उनकी समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा। 
विधायक ने बच्चों से कहा कि बस आप लोग मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने क्षेत्र व माता-पिता का नाम रौशन करें। उन्होने कहा कि जब आप हमारे बस्तर का नाम रौशन करेंगे तो जितनी खुशी आपके माता पिता को होगी उतनी ख़ुशी मुझे भी होगी।       
विधायक ने किया आश्रम का निरीक्षण तो छात्राएं बोलीं- 'आश्रम में गंदा पानी पीते हैं, मिड डे मील भी टाइम पर नहीं मिलता' 4
        महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष तुलिका कर्मा ने भी आश्रम की छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि महिला जिलाध्यक्ष होने के नाते सबसे पहली प्राथमिकता है महिलाओं की सुरक्षा। किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो उन्हें बेझिझक बताएं, उसके निराकरण की पहल अवश्य की जाएगी। 
विधायक ने किया आश्रम का निरीक्षण तो छात्राएं बोलीं- 'आश्रम में गंदा पानी पीते हैं, मिड डे मील भी टाइम पर नहीं मिलता' 2
विधायक ने तुमकपाल के डूमामपारा में ग्रामीणों ने रूबरू होकर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने सड़क व पेयजल की सुविधा के लिए विधायक को ज्ञापन सौपा। ग्रामीणों ने बताया कि यहाँ पानी के लिये कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। साफ पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यहाँ के लोग बीमार पड़ रहे हैं। कटेकल्याण के महिलाओं द्वारा भी वार्ड में सड़क की मांग की गई। बता दें कि तुमकपाल धुर नक्सल प्रभावित होने के बावजूद विधायक देवती कर्मा यहाँ पहुँची थी। 



सांसद दिनेश कश्यप ने छात्राओं को बांटी पुरानी साइकिल..! कांग्रेस ने कसा तंज- 'भाजपा का मिशन धोओ, पोछो और बांटो' अभियान चल रहा
        जगदलपुर @ खबर बस्तर। बास्तानार ब्लाक के पोटानार में शनिवार को बस्तर सांसद दिनेश कश्यप द्वारा सरस्वती साइकिल योजना के तहत किए गए साइकिल वितरण को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यहां दो महीने पहले छात्राओं को बांटी गई साइकिलों को धो-पोंछकर सांसद के हाथों दोबारा बंटवाई गई है। कांग्रेसी इसे भाजपा का पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं और इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी तंज कसा जा रहा है।
सांसद दिनेश कश्यप ने छात्राओं को बांटी पुरानी साइकिल..! कांग्रेस ने कसा तंज- 'भाजपा का मिशन धोओ, पोछो और बांटो' अभियान चल रहा 2
'वाटसएप्प' पर चल रहे मैसेज का मजमून कुछ इस तरह है...
'छग में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहा है। वैसे ही राजनीतिक पार्टियों की चुनावी सरगर्मियां बढ़ने लगी है। इसका नतीजा सीधा बस्तर में देखने को मिल रहा है। भाजपा का मिशन धोओ, पोछो और बांटो।'
'भाजपा के नेताओ की बैचैनी इतनी बढ़ गई है कि चुनावी लाभ के लिए शिलान्यास, उद्धघाटन व नये पुराने समान को बॉटने में मशगूल है। ऐसा ही वाकया तोकापाल ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल पोटानार में बस्तर सांसद दिनेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में चार हाईस्कूलों पोटानार, घाट धनोरा, करंजी और रानसरगी पाल के छात्राओं को सायकल वितरण किया गया।'
'माननीय जी को पता ही नही था कि उक्त स्कूलों के छात्राओं को जो सायकल वितरण किया जा रहा है, उन्हें वहां के स्थानीय जनप्रतिनिधियों जनपद सदस्य और सरपंच के द्वारा लगभग दो माह पूर्व ही वितरण किया जा चुका है और लगभग दो माह से बच्चियां उस सायकल का उपयोग स्कूल आने-जाने के लिये कर रही हैं।'      
सांसद दिनेश कश्यप ने छात्राओं को बांटी पुरानी साइकिल..! कांग्रेस ने कसा तंज- 'भाजपा का मिशन धोओ, पोछो और बांटो' अभियान चल रहा 4
        बता दें कि पोटानार में आयोजित ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम में बस्तर सांसद के हाथों 184 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया गया था। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दीपक बैज समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि भी आमंत्रित थे। सुबह साढ़े 11 बजे कार्यक्रम में बैज पहुंचे भी, लेकिन करीब घंटे भर के इंतजार के बाद सांसद के आने में हो रहे विलंब को देखते हुए वे मौके से चले गए। 
'खबर बस्तर डॉट कॉम' से चित्रकोट विधायक दीपक बैज ने बताया कि जब वे कार्यक्रम में पहुंचे तो उन्हें इस बात की जानकारी मिली की जिन साइकिलों को वितरित किया जाना है, वो तो करीब 2 महीने पहले ही बांटी जा चुकी हैं। सरकारी फरमान के बाद इन्ही साइकिलों को सांसद के द्वारा दोबारा वितरण करवाना उन्हें गवारा नहीं हुआ और वे वहां से चले गए। बैज ने बताया कि इन साइकिलों को सरपंच व स्थानीय जनपद सदस्यों द्वारा पहले ही बांटा जा चुका था। ऐसे में दोबारा वितरण किया जाना दर्शाता है कि भाजपा में श्रेय लेने की होड़ मची है। उनका कहना था कि अगर वे मौके पर रहते तो सांसद को भी ऐसा करने से जरूर रोकते।        
        सांसद दिनेश कश्यप ने इस पूरे मसले में अपनी प्रतिक्रया देते बताया कि पोटानार में उन्होने छात्राओं को पुरानी नहीं, बल्कि नई साइकिलें वितरित की हैं। इस कार्यक्रम में उनके अलावा पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप व पूर्व विधायक बैदू राम भी मौजूद रहे। उन्हें पुरानी साइकिल बांटने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कांग्रेस के आरोप पर सांसद का कहना था कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए बेवजह राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।
loading...
 
        इधर, तोकापाल बीईओ आरएन ताटी के मुताबिक कुठ महीने पूर्व जब साइकिलें आयी थी तो इन्हें स्कूलों के प्राचार्यों के हवाले किया गया था। इसके बाद इनका आधिकारिक तौर पर वितरण नहीं किया जा सका। उन्होने कहा कि स्कूलों से अगर छात्राओं को साइकिल बांटी गई है तो वे इसकी जानकारी लेंगे। 
          
         
मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 3 माओवादियों को मार गिराया, मौके से इंसास रायफल व नक्सल सामग्री बरामद
         बीजापुर @ खबर बस्तर। जिले के मनकेली के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। मौके से पुलिस पार्टी ने 1 नग इंसास रायफल समेत अन्य नक्सल सामग्री बरामद की है। 
         एएसपी मोहित गर्ग ने बताया कि आज सुबह बीजापुर से डीआरजी एवं एसटीएफ की ज्वाइंट पार्टी सर्चिंग पर रवाना की गई थी। इसी दौरान मनकेली के जंगलों में माओवादियों से फोर्स के जवानों की मुठभेड़ हो गई। 
         इस घटना में सुरक्षा बलों ने 3 माओवादियों को ढेर कर दिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक अभी मौके पर सर्च अभियान जारी है। पुलिस पार्टी के वापस लौटने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। बहरहाल, मुठभेड़ में किसी भी जवान के हताहत होने की खबर नहीं है। 
यहां सुरक्षा की परवाह किए बिना बाइक में सवार होकर जनसंपर्क पर निकली विधायक, चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या
       दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। तस्वीर में बाइक पर सवार आप जिस महिला को देख रहे हैं, ये कोई आम महिला नहीं हैं। ये हैं दंतेवाड़ा की विधायक देवती कर्मा..! जी हां आपने सही पहचाना, वहीं देवती महेन्द्र कर्मा... जो झीरम घाटी नक्सली हमले में अपने पति व कांग्रेस के कद्दावर नेता महेन्द्र कर्मा को गंवा चुकी हैं। ऐसे में आपके जेहन में सवाल उभर रहा होगा कि सुरक्षा की परवाह किए बिना आखिर बाइक पर ये कहां जा रही हैं...?
इस तस्वीर के पीछे की हकीकत हम आपको बताते हैं। दरअसल, दंतेवाड़ा की विधायक व बस्तर टाइगर महेन्द्र कर्मा की पत्नी नक्सल प्रभावित बारसूर इलाके में जनसंपर्क पर निकली हैं... लोगों की समस्याओं से रूबरू होने।         
यहां सुरक्षा की परवाह किए बिना बाइक में सवार होकर जनसंपर्क पर निकली विधायक, चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या 2
         क्षेत्र के चार दिवसीय प्रवास पर निकली विधायक ने सबसे पहले भटपाल में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। यहां ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण यहाँ ना तो पेयजल की सुविधा है और ना ही चिकित्सा की। भटपाल में स्वास्थ्य केंद्र नही होने के कारण छोटी-छोटी बीमारी के लिए भी लोगों को बारसूर जाना पड़ता है। इमरजेंसी केस होने पर एम्बुलेंस भी नही पहुंच पाती है। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और इसे शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर इसके समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया।    
बता दें कि झीरम हमले के बाद कर्मा फैमिली को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। ऐसे में क्षेत्रीय विधायक का नक्सल प्रभावित इलाके में बगैर तामझाम के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह के साथ ही अचरज के भाव भी दिख रहे हैं। 
यहां सुरक्षा की परवाह किए बिना बाइक में सवार होकर जनसंपर्क पर निकलीं विधायक, चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या 3
       भटपाल के ग्रामीणों से मिलने के बाद विधायक देवती महेंद्र कर्मा सीधे हितामेटा पहुँची। यहाँ के ग्रामीणों ने बताया कि मनरेगा के तहत सीसी रोड़, पुलिया बनाया गया था। इस निर्माण में हितामेटा के ग्रामीणों ने ही काम किया था, परंतु आज तक उन्हें भुगतान नही किया गया है। 2013 मैं सिंचाई विभाग द्वारा स्टॉप डेम का निर्माण कराया गया था मगर वह भी अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने हितामेटा के सहायक सचिव की भी शिकायत विधायक से की। श्रीमती कर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया ही जल्द ही उनकी मांग पूरी की जाएगी। 
सोमवार को मुचनार में विधायक का काफिला पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने बिजली की समस्या ये उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में ट्रांसफार्मर नहीं होने आसपास के इलाके अंधेरे में हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की 9 वन सुरक्षा समितियों में उन्होने काम किया है, लेकिन इसका भुगतान उन्हें अभी तक नहीं मिला है। इस दौरान विधायक के साथ महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष तुलिका कर्मा, नपं अध्यक्ष अमोलकर नाग, विद्यानंद सेन समेत कई कांग्रेसी मौजूद थे।
     
डॉक्टर का ऑडियो हो रहा वायरल: अधीनस्थ कर्मचारी को दी धमकी, कहा- 'मेरे साथ गेम करना छोड़ दो... नहीं तो लाश नदी में गड़वा दूंगा'
        दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। बड़े तुमनार के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ डॉक्टर रविंद्र नाग पर अधीनस्थ कर्मचारियों ने गाली-गलौच करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस धमकी से डरे-सहमे कर्मचारियों ने इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर सौरभ कुमार से भी की है। सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक शख्स भद्दी गालियां बकता सुनाई दे रहा है। दावा है कि यह ऑडियो संबंधित डॉक्टर का ही है।
क्या है वायरल आॅडियो में...    वायरल हो रहे ऑडियो में कथित डाक्टर एक कर्मचारी से साफ कह रहा है कि...                        'मेरे साथ होशियारी मत करना। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सीएमओ, बीएमओ या डायरेक्टर भी आ जाए तो मेरे को हटा नहीें सकते। मैं छोटा-मोटा आदमी नहीं हूं। मैं चाहूं तो एक मिनट में ट्रांसफर करा के यहां से जा सकता हूं। मैं अगर तुमनार से हट गया ना तो पांच पंचायत के लोग विरोध के लिए तैयार हैं।'                            'तू मेरे खिलाफ गेम खेलेगा, कल का $$$$...! मेरे साथ गेम करना छोड़ दो। अच्छे अच्छे गैंबलर लोगों को मैं देख चुका हूं। मैं अगर चाहूं ना, बता रहा हूं... तुमनार नदी में लाश गड़वा दूंगा। लाश भी नहीं मिलेगा।'         

डॉक्टर का ऑडियो हो रहा वायरल: अधीनस्थ कर्मचारी को दी धमकी, कहा- 'मेरे साथ गेम करना छोड़ दो... नहीं तो लाश नदी में गड़वा दूंगा' 2
डाक्टर के इस बर्ताव को लेकर कलेक्टर के पास जो अर्जी दी गई है, उसमें कहा गया है कि डॉक्टर अस्पताल में पदस्थ महिला कर्मचारी से भी अभद्रता से पेश आता है। उसके चरित्र पर उंगली उठाते हुए डाक्टर सहकर्मियों को बात करने से भी रोकता है। डॉक्टर की इस हरकतों से कर्मचारी परेशान हो चुके हैं। इसलिए ही उसके धमकी भरी बातों को टेप कर कलेक्टर से शिकायत की गई है।   
इस मसले पर सीएमएचओ एचएल ठाकुर का कहना है कि आरोपी डाक्टर की शिकायत उन्हें मिली है। दोषी डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर को वहां से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अभी छुट्टी है सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया जाएगा। 
'खबर बस्तर डॉट कॉम' वायरल आॅडियो की प्रमाणिकता का दावा नहीं करता। आॅडियो में इतनी गंदी गालियां है कि इसे प्रसारित नहीं करने का निर्णय हमने लिया है...