दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। सोमवार 20 नवंबर 2017 का दिन दक्षिण बस्तर के निवासियों के लिए ऐतिहासिक व अविस्मरणीय रहा... आज चार दशक के इंतजार के बाद क्षेत्र के लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल गई। लौहनगरी किरन्दुल के रेलवे स्टेशन से किरंदुल-विशाखापट्नम एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही रवाना हुई लोगों ने एक दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती देवती कर्मा ने किरंदुल-विशाखापट्नम एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस क्षेत्र के लोगों की एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा हेतु बधाई दी। इस मौके पर रेल्वे स्टेशन में बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्र के लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात देने के लिए रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार जताया।
इस दौरान किरंदुल रेल्वे स्टेशन में उत्साह का वातावरण देखने को मिला और लोगों ने एक्सप्रेस ट्रेन में अपने नाते रिश्तेदारों तथा मित्रों को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देकर विदा किया। इस अवसर पर नपा किरंदुल अध्यक्ष श्रीमती अनिल राजीमोल, पूर्व विधायक भीमा मंडावी, जिला पंचायत सदस्य चैतराम अटामी सहित जनप्रतिनिधिगण व ग्रामीणजन मौजूद थे।
महानगरों तक पहुंच होगी आसान: विशाखापट्नम-जगदलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को किरंदुल तक संचालित करने से इस क्षेत्र के लोगों को विशाखापट्नम, हैदराबाद, कोलकाता,चेन्नई, बैंगलूरू ईत्यादि बड़े शहरों मेें आने-जाने के लिए सुविधा होगी। वहीं शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओंं के लिए इन शहरों तक आसान आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके साथ इस दूरस्थ इलाको में सेवाएं देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के लिए यह एक्सप्रेस ट्रेन आवागमन के लिए किफायती विकल्प होगी।पर्यटन केन्द्रों को मिलेगा बढ़ावा
एक्सप्रेस ट्रेन के किरन्दुल तक विस्तारीकरण से दक्षिण बस्तर के पर्यटन केन्द्रों तक सैलानियों की पहुंच हो सकेगी। देश के विभिन्न हिस्सों के पर्यटक बस्तर की आराध्य देवी मॉ दतेश्वरी का दर्शन करने सहित ऐतिहासिक मंदिरों की नगरी बारसूर, समलूर के अलावा ढोलकल को देख सकेंगे तथा बस्तर की संस्कृति को करीब से समझ सकेंगे। इन सभी आशाजनक परिणामों से निश्चित ही विशाखापट्नम-किरंदुल एक्सप्रेस ट्रेन के जरिये क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा।
40 साल बाद एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन: किरन्दुल से विशाखापट्नम तक एक्सप्रेस ट्रेन के विस्तारीकरण की मांग क्षेत्र के लोग काफी लंबे अरसे से कर रहे थे। स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब जाकर पूरी होने से क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बता दें कि किरंदुल से काेत्तावालसा रेलवे लाइन की शुरूआत 1960 में हुई थी। इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन 1966-67 से शुरू हुआ, जबकि पहली पैसेंजर ट्रेन की शुरूआत सितंबर 1976 में हुई थी।



Post A Comment: