कांकेर @ खबर बस्तर। नक्सलियों ने जिले में आज जमकर उत्पात मचाते 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना ताड़ोकी थाना क्षेत्र की है, जहां हथियारबंद नक्सलियों ने वाहनों में आगजनी के साथ ही वनकर्मियों व मजदूरों की जमकर पिटाई भी की। वहीं माओवादियों द्वारा ठेकेदार के बेटे का अपहरण किए जाने की भी खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जिन वाहनों को फूंक डाला वो रेल लाइन निर्माण कार्य में लगी थी। कांकेर एसपी केएल ध्रुव ने घटना की पुष्टि करते बताया कि कोसरेंडा के पास निर्माण कार्य में लगे 5 वाहनों को माओवादियों ने आग लगा दी। इनमें 3 टिप्पर, एक हाइवा और एक हाइड्रोलिक लोडर शामिल है। वारदात को अंजाम देने बड़ी संख्या में नक्सली पहुंचे थे। इनमें महिला माओवादी भी शामिल थीं।
एसपी के मुताबिक माओवादियों ने गाड़ियों में आग लगाने के अलावा वन विभाग के कर्मचारियों व मौके पर मौजूद मजदूरों से मारपीट भी की है। इसकी शिकायत वनकर्मियों ने थाने में पहुंचकर की। हालांकि, एसपी ने ठेकेदार के बेटे के अपहरण की जानकारी होने से इंकार कर दिया। उन्होने बताया कि मजदूरों व वनकर्मियों को नक्सलियों द्वारा अपने साथ ले जाकर पूछताछ की गई है। मौके से किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में वनकर्मी कामयाब रहे।


Post A Comment: