दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दक्षिण बस्तर में काफी दिनों के बाद नक्सलियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भान्सी थाना क्षेत्र के कमालूर रेलवे स्टेशन के पास माओवादियों ने 4 ट्रक व तीन पोकलेन में आग लगा दी। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। उक्त वाहन किरन्दुल-विशाखापटनम रेलवे लाइन दोहरीकरण के कार्य में लगे थे।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम साढ़े 7 बजे कमालूर स्टेशन में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ द्वारा वाहनों में आगजनी की सूचना दंतेवाड़ा दी गई थी। बताया जा रहा है कि 15-20 सशस्त्र माओवादी कमालूर रेलवे स्टेशन पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर और टीपी को अपने साथ लेकर चले गए।
इसके बाद नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन के पास खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वाहनों को जला दिए जाने के बाद माओवादियों ने स्टेशन मास्टर और टीपी को छोड़ दिया। इधर, वारदात के बाद विशाखापटनम-किरन्दुल पैसेंजर ट्रेन को रेलवे प्रबंधन द्वारा एहतियातन दंतेवाड़ा में रोक दिया गया है।


Post A Comment: