रायपुर @ खबर बस्तर। जगदलपुर से रायपुर आ रहे सरकारी हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते अभनपुर के पास सारखी गांव में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे की है। हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर लगते ही हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक इस हेलीकाप्टर ने जगदलपुर से रायपुर के लिए उड़ान भरी थी। पर रायपुर पहुंचने से पहले हेलीकाप्टर में वाइब्रेशन होने लगा। आसमान में हेलीकाप्टर को डगमगाते देख हेलीकाप्टर के पायलट ने खतरे को भांपते हुए अभनपुर के सारखी गांव में हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त हेलीकॉप्टर में सिर्फ पायलट औऱ को-पायलट ही सवार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पायलट और को-पायलट को हेलीकाॅप्टर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इधर, हेलीकाॅप्टर की अचानक हुई लैंडिंग से आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई ग्रामीण मौका देख हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी लेने लगे तो पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के लिहाज से वहां से खदेड़ दिया।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में सरकारी हेलीकाप्टरों की हालत अच्छी नहीं कही जा सकती है। इससे पहले भी एक घायल जवान को लेकर जगदलपुर से रायपुर आ रहा सरकारी हेलीकाप्टर का फ्यूल खत्म हो गया था, जिसके चलते उसकी आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी। वहीं इस घटना में पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया।



Post A Comment: