न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षाकर्मियों के लिए ऐसा आदेश जारी किया है, जिसे लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। दरअसल, यहां के जिला पंचायत सीईओ जगदीश सोनकर ने शिक्षाकर्मियों को सरकारी स्कूलों के मूत्रालय का निरीक्षण कर बच्चों द्वारा इसके इस्तेमाल करने की फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने का आदेश जारी किया है। इस फरमान को लेकर शिक्षाकर्मियों में रोष देखा जा रहा है।
बता दें कि धमतरी जिले के के चार विकासखंड धमतरी, कुरूद, मगरलोड व नगरी के सभी ग्राम पंचायतों में 355 विद्यालयों में मूत्रालयों का निर्माण कराया गया है। इन मूत्रालयों के नियमित उपयोग व रखरखाव के लिए निरीक्षण का आदेश सीईओ द्वारा जारी किया गया है। आदेश में स्कूल के शिक्षक व क्लास प्रमुख को मूत्रालय उपयोग निरीक्षण की ड्यूटी दी गयी है।
बड़ा सवाल यह है कि जिन स्कूलों में छात्रों के बीच सिर्फ शिक्षिका पदस्थ है, या फिर जहां छात्राओं के बीच शिक्षक पदस्थ हैं, उन स्कूलों में निरीक्षण कैसे होगा...? और क्या टॉयलेट करते बच्चों-बच्चियों की तस्वीर लेना मर्यादित है। इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस आदेश से शिक्षाकर्मियों के बीच तीखी नाराजगी है। शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा के प्रदेश संचालक संजय शर्मा के मुताबिक धमतरी के जिला पंचायत सीईओ का यह आदेश अव्यवहारिक एवं अशोभनीय है। उक्त आदेश के तहत इस प्रकार के कार्य कराए जा रहे है, जो बेहद अमर्यादित और विद्यार्थियों के निजता के अधिकार का खुला उलंघन है।


Post A Comment: