ई-जनदर्शन: आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए बनेगी 100 मकानों की कॉलोनी...भो. पटनम में बनेगा अंतर्राज्यीय बस स्टैंड, सुकमा बस स्टैंड के लिए 4 करोड़ मंजूर
      रायपुर @ खबर बस्तर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सुकमा में बस स्टैंड विस्तारीकरण के लिए चार करोड़ रूपए मंजूर करने की घोषणा की। इसके अलावा भोपालपट्नम में अंतर्राज्यीय बस स्टैंड निर्माण एवं सुकमा जिले में आत्मसमर्पित 100 नक्सलियों के लिए पुनर्वास योजना के तहत आवासीय कॉलोनी बनवाने का भी ऐलान किया।  
कॉलोनी के लिए प्रति मकान एक लाख रूपए बस्तर एवं दक्षिण क्षेत्र आदिवासी प्राधिकरण से मंजूर किए जाएंगे और जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 75 हजार रूपए के मान से अनुदान की राशि भी दी जाएगी। इसमें से 15 हजार रूपए शौचालय निर्माण के लिए होंगे।
      मुख्यमंत्री डॉ. सिंह गुरूवार की सुबह यहां अपने निवास कार्यालय में ई-जनदर्शन के तहत राज्य के बस्तर संभाग के चार विकासखंडों- सुकमा, भोपालपट्नम, बीजापुर और कुआकोंडा (जिला दंतेवाड़ा) के जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उनकी समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई समस्याओं का त्वरित निराकरण किया।  
      सीएम ने ई-जनदर्शन की शुरूआत सुकमा जिले से की। सुकमा के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में मौजूद नपं अध्यक्ष लक्ष्मी बाई ने मुख्यमंत्री को बस स्टैंड के विकास और विस्तार की जरूरत बताते हुए यह भी कहा कि इसमें चार करोड़ रूपए की लागत आएगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से कहा कि बस स्टैंड विस्तारीकरण का प्रस्ताव आज ही नगरीय प्रशासन विभाग को मंत्रालय में भेज दिया जाए। 
      मुख्यमंत्री ने सुकमा में प्रधानमंत्री आवास योजना के 668 हितग्राही परिवारों को एक महीने के भीतर पट्टा दिलाने का भी आश्वासन दिया। सुकमा जिला पंचायत सदस्य धनीराम बारसे ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुकमा जिले में मनरेगा के तहत लगभग एक करोड़ रूपए का भुगतान बाकी है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि भारत सरकार से कल मनरेगा के लिए राज्य का आवंटन प्राप्त हो गया है। इसमें से सुकमा की बकाया राशि भेज दी जाएगी।
ई-जनदर्शन में सीएम ने बीजापुर जिले के भो. पट्नम विकासखंड के लोगों से भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। जिला पंचायत सदस्य बसंत ताटी ने मुख्यमंत्री को बताया कि पट्नम दो राज्यों महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश से लगा हुआ है। इसलिए यहा के बस स्टैंड को अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। 
    मुख्यमंत्री ने उनके सुझाव पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की। साथ ही कहा कि भोपालपट्नम निश्चित रूप से आगे चलकर बीजापुर जिले का सबसे बड़ा व्यावसायिक केन्द्र बनेगा। इसकी संभावना को देखते हुए वहां वर्तमान बस स्टैंड के विस्तारीकरण और उसे अंतर्राज्यीय बस स्टैंड के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भोपालपट्नम क्षेत्र में बिजली की समस्या को अगले पांच माह में पूर्ण रूप से निराकृत करने का भी आश्वासन दिया।  

व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े

खबर बस्तर व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए हमारे मोबाईल नंबर 7869540040 को आप अपने मोबाईल में नंबर सेव किजिये फिर अपने मोबाइल से एक व्हाट्स एप्प मैसेज कीजिये जिसमे आपका नाम और सेवा शुरू करे लिखे अगले 24 घण्टे में जिले और आपके क्षेत्र की ताजा और सटीक खबरे आपके मोबाइल पर निःशुल्क न्यूज़ सेवा शुरू कर दी जाएगी

Post A Comment: