बीजापुर @ खबर बस्तर। छग के अंतिम छोर पर बसे पामेड़ गांव में फिर से साप्ताहिक हाट नए साल से भरना शुरू हो गया है। इसके साथ ही गांव में फिर से पुराने दिन लौट आए हैं। इस गांव में 12 साल से बाजार बंद था और लोगों को यमपुर साप्ताहिक हाट जाना पड़ता था। सलवा जुड़म के बाद माओवादी हलचल तेज होने के चलते ये बाजार बंद पड़ा था।
सीमावर्ती राज्य तेलंगाना से 18 किमी दूर बसे उसूर ब्लाॅक के पामेड़ गांव में 2005 तक गुरूवार को साप्ताहिक हाट लगता था। यहां इस दिन बाजार की वजह से सुबह से शाम तक रौनक रहती थी। तब बाजार में तेलंगाना के वेंकटापुरम, चेरला एवं अन्य गांवों से व्यापारी आया करते थे। सलवा जुड़ूम शुरू होने के बाद माओवादी गतिविधियां भी तेज हो गईं और पामेड़ का ये बाजार फोर्स-नक्सली संघर्ष की ज्वाला में भस्म हो गया।
1376 की आबादी वाले इस गांव के लोग तब से 8 किमी दूर यमपुर में शनिवार साप्ताहिक बाजार जाने लगे। समझा जाता है कि यमपुर में बाजार लगने पर माओवादियों की मौनानुमति है। सूत्रों के मुताबिक दिसंबर मासांत में कलेक्टर डाॅ अय्याज तंबोली ने उसूर जनपद सीईओ को पामेड़ में साप्ताहिक हाट शुरू करवाने के निर्देश दिए थे।
इस पर अमल करते 4 जनवरी गुरूवार को साप्ताहिक हाट शुरू किया गया। यहां उस दिन मनीहारी व सब्जी की दुकानें सजीं। आसपास के गांवों के लोगों को इस बारे में बताया जा रहा है। यहां जारपल्ली, गगनपल्ली, पालागुड़ा, कोण्डापल्ली, धरमारम, दारेली व कंचाल के लोगों का सामान खरीदने व बेचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बाजार शुरू करवाने के दिन सीईओ एसबी गौतम, सरपंच चेरपा रमेश समेत कई लोग मौजूद थे। ये बाजार थाने के समीप मैदान में लग रहा है। अभी यहां शेड की व्यवस्था नहीं है। बताया गया है कि बाजार के दिन मेडिकल कैम्प लगाया जाएगा। इसके अलावा वन विभाग लोगों को वनोपज समर्थन मूल्य के बारे में बताएगा। बाजार की शुरूवात के बारे मे आसपास के गांवों के लोगों को सूचना दी जा रही है।
इंतजाम बेहतर किए जाएंगे:
सालों बाद अभी बाजार की शुरूवात हुई है। फिलहाल यहां नलकूप की व्यवस्था है। धीरे-धीरे सारी व्यवस्था की जाएगी। आसपास के गांव के लोगों को बाजार शुरू होने से काफी सुविधा मिली है।
- एसबी गौतम, सीईओ, उसूर



Post A Comment: