फोर्स की फायरिंग में बालक हुआ घायल ! कूल्हे में लगी गोली, बचेली के अपोलो अस्पताल में चल रहा इलाज
दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। रविवार की दोपहर बचेली के अपोलो अस्पताल में एक 15 वर्षीय बालक को भर्ती कराया गया है, जिसके कूल्हे में गोली लगी है। परिजनों का आरोप है कि बालक मवेशियों को ढूंढने जंगल गया हुआ था इसी दौरान फोर्स की फायरिंग में बच्चा घायल हुआ है। घायल बालक बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के करका गांव का बताया जा रहा है। बता दें कि इसी क्षेत्र में शनिवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक नक्सली को मार गिराया था।

फिलहाल बच्चे का इलाज चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। बालक के परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम घायल बालक कुछ अन्य बच्चों के साथ मवेशियों को ढूंढने जंगल गया हुआ था। इसी दौरान जंगल में सुरक्षाबलोें से उनका सामना हो गया और बच्चे घबराकर भागने लगे। तभी जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में बालक बोटीराम मरकाम घायल हो गया।  

अपोलो अस्पताल के प्रशासक एसएम हक ने बताया कि घायल बालक के कूल्हे में एक गोली लगी है। गोली के छर्रे को निकाल दिया गया है। बालक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर नज़र आ रही है। सीटी स्कैन की रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति का पता चल सकेगा। 

इधर, डीआईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि बीते दो दिनों में गंगालूर क्षेत्र में दो बार नक्सलियों से मुठभेड़ हुई है, जिसमें 3 नक्सली मारे गए हैं। हो सकता है एनकाउंटर के दौरान क्रास फायरिंग में कोई ग्रामीण घायल हुआ हो। जहां तक बच्चे को गोली लगने की बात है सुरक्षा बल के जवान किसी भी बेकसूर को गोली नहीं मारते। जवानों की तैनाती ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ही है।  

व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े

खबर बस्तर व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए हमारे मोबाईल नंबर 7869540040 को आप अपने मोबाईल में नंबर सेव किजिये फिर अपने मोबाइल से एक व्हाट्स एप्प मैसेज कीजिये जिसमे आपका नाम और सेवा शुरू करे लिखे अगले 24 घण्टे में जिले और आपके क्षेत्र की ताजा और सटीक खबरे आपके मोबाइल पर निःशुल्क न्यूज़ सेवा शुरू कर दी जाएगी

Post A Comment: