न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं और अभी से सियासी दलों के साथ ही उम्मीदवारों ने भी चुनावों को लेकर जोर आजमाइश शुरू कर दी हैै। राजनीतिक दलों की टिकट पाने भावी उम्मीदवार अपने नंबर बढ़ाने की जुगत में लगे हुए हैं। इनमें नया नाम एक प्रशासनिक अधिकारी का भी है, जो वर्तमान में राज्य प्रशासनिक सुधार आयोग के सचिव हैं।
हम बात कर रहे हैं कोरबा कलेक्टर रह चुके IAS आरपीएस त्यागी की... जिन्होंने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। खबर है कि त्यागी कोरबा अथवा कटघोरा विधानसभा के सामान्य सीट से अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
कोरबा के पंचवटी विश्राम गृह में शनिवार की रात मीडिया से चर्चा में उन्होंने साफ किया कि वे इस बार विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे। फिलहाल उन्होने तय नहीं किया है कि वे किस पार्टी से चुनाव लडेंगे पर चुनावी समर में उतरना तय है।
बता दें कि कोरबा जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं, जिसमें कोरबा और कटघोरा विधान सभा सामान्य सीट है। यहीं से त्यागी के चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही है। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि सभी पार्टी अपनी जगह अच्छी हैं। किसी पार्टी से टिकट मिले अथवा न मिले पर उन्होंने चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। खबरों के मुताबिक आईएएस त्यागी भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। अगले महीने इसकी विधिवत घोषणा भी हो सकती है।


Post A Comment: