बस्तर में जवानों को नुकसान पहुंचाने नक्सलियों ने अपनाया नया तरीका... अब फोर्स के 'हथियार' से ही कर रहे वार, पढ़िए ये खबर
       दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। बस्तर में जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादी रोज नए पैतरे अपना रहे हैं। हाल ही में नक्सलियों ने विस्फोट के लिए ऐसा तरीका ईजाद किया है, जिसे देखकर सुरक्षा बलों के जवान भी हैरान रह गए। दरअसल, माओवादी अब ब्लास्ट की घटना को अंजाम देने फोर्स द्वारा ग्रामीणों को बांटे गए सामग्रियों का उपयोग भी करने लगे हैं। 

               
       इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब हाल ही में माड़ेन्दा के जंगलों में फोर्स द्वारा 3 बम बरामद किए गए। इसमें जवानों ने एक ऐसा बम भी बरामद किया था, जिसे नक्सलियों ने स्टील के वाटर फिल्टर में प्लांट कर रखा था। बताया जा रहा है कि यह वाटर फिल्टर सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन कैम्प में ग्रामीणों को वितरित किया गया था। 


बस्तर में जवानों को नुकसान पहुंचाने नक्सलियों ने अपनाया नया तरीका... अब फोर्स के 'हथियार' से ही कर रहे वार, पढ़िए ये खबर 2

बस्तर में तैनात सीआरपीएफ द्वारा ग्रामीणों का दिल जीतने व उनकी मदद करने के लिए लंबे अरसे से सिविक एक्शन कैम्प लगाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के जरिये सुरक्षा बलों की कवायद रहती है कि माओवाद की काली छाया से निकलकर ग्रामीण उनके करीब आएं, जिससे नक्सल उन्मूलन में भी फोर्स को मदद मिल सके। लेकिन माओवादियों ने फोर्स के इस 'हथियार' का भी तोड़ निकाल लिया है। माओवादी अब फोर्स के इसी 'हथियार' का इस्तेमाल जवानों को नुकसान पहुंचाने में करने लगे हैं। 

        बता दें कि जिले के धुर नक्सल प्रभावित ग्राम पोटाली में 16 जनवरी को सीआरपीएफ 111वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सीआरपीएफ डीआईजी व कमांडेंट की मौजूदगी में ग्रामीणों को वाटर फिल्टर, बच्चों को कपड़े, मच्छरदानी एवं जीवन रक्षक दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम में अडंगा डालने नक्सलियों ने पटाखे फोड़ दहशत फैलाने की भी कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। 

               खबर है कि नक्सलियों ने कैम्प में ग्रामीणों को बांटे गए सामानों को लूट लिया और फरार हो गए। अब ग्रामीणों से लूटे गए सामानों के जरिये माओवादी जवानों को ही निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। अरनपुर थाना क्षेत्र के माड़ेन्दा में नक्सलियों ने ऐसे ही 3 बम लगा रखे थे। इनमे से एक बम को वाटर फिल्टर में ही प्लांट कर रखा गया था, लेकिन सतर्क जवानों ने इन बमों को खोज निकाला और डिफ्यूज कर दिया। 

सीआरपीएफ 111वीं बटालियन के कमांडेंट संजीव कुमार का कहना है कि नक्सली सिविक एक्शन का लगातार विरोध करते रहे हैं। इस संबंध में पर्चे भी मिल चुके हैं।ग्रामीणों का फोर्स के संपर्क में आना माओवादियों को नागवार गुजरता है। इसलिए उन्हें इस बात का अंदेशा था कि माओवादी वाटर फिल्टर का इस्तेमाल बम बनाने में कर सकते हैं। इसलिए वो गांव पर पहले से नजर बनाए हुए थे।

व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े

खबर बस्तर व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए हमारे मोबाईल नंबर 7869540040 को आप अपने मोबाईल में नंबर सेव किजिये फिर अपने मोबाइल से एक व्हाट्स एप्प मैसेज कीजिये जिसमे आपका नाम और सेवा शुरू करे लिखे अगले 24 घण्टे में जिले और आपके क्षेत्र की ताजा और सटीक खबरे आपके मोबाइल पर निःशुल्क न्यूज़ सेवा शुरू कर दी जाएगी

Post A Comment: