दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ में बसंत पंचमी के अवसर पर नए प्रधान पुजारी का चयन किया गया। 40 साल बाद यह पहला मौका था, जब मंदिर के प्रधान पुजारी का बदलाव किया गया हो। दरअसल, शारदीय नवरात्र के पहले दिन शक्तिपीठ के प्रधान पुजारी हरिहर नाथ जिया के निधन से यह पद रिक्त हो गया था। अब इस पद की जिम्मेदारी उनके छोटे भाई व सहायक पुजारी हरेंद्रनाथ जिया को सौंपी गई है।
सोमवार को मंदिर के सेवादारों, 12 लंकवार, मांझी मुखिया और मंदिर के विभिन्न पदधारियों की मौजूदगी में हरेंद्रनाथ जिया को प्रधान पुजारी के पद पर सुशोभित किया गया। पुजारी परिवार के पंडित गणेश्वर मिश्र द्वारा तिलक लगाकर और पारंपरिक साफा बांधकर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके पश्चात प्रधान पुजारी हरेन्द्र नाथ मां दंतेश्वरी की आरती में शामिल हुए और शक्तिपीठ में स्थापित दोनों माताओं के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
हरेन्द्रनाथ के प्रधान पुजारी बनने के बाद सहायक पुजारियों की संख्या अब 3 कर दी गई है। इस पद पर जिया परिवार के ही लोकेंद्रनाथ, परमेश्वरनाथ और सलिंद्रनाथ की नियुक्ति की घोषणा की गई। टेंपल कमेटी के व्यवस्थापक व तहसीलदार गौतम सिंह के मुताबिक मंदिर में फिलहाल सहायक पुजारी का एक ही पद स्वीकृत है। कमेटी की बैठक में पद बढ़ाने का प्रस्ताव पारित कर अनुमोदन के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा।
बता दें कि बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दरबार में पिछले 750 सालों से जिया परिवार प्रधान पुजारी का दायित्व संभाले हुए है। बसंत पंचमी पर प्रधान पुजारी चुने गए हरेंद्रनाथ जिया बाबा बताते हैं कि यह उनकी 23वीं पीढ़ी है, जो शक्तिपीठ में मांईजी की पूजा-अर्चना करवा रही है। उनसे पहले उनके दिवंगत भ्राता हरिहरनाथ जिया को 1977-78 में प्रधान पुजारी बनाया गया था। उस वक्त जब उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली तो वे महज 20 वर्ष के थे।
loading...


Post A Comment: