दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ गीदम में वन विभाग के अफसर द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। यहां अवैध इमारती और जलाऊ लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया गया है। उक्त कार्रवाई गीदम SDO एवं प्रशिक्षु IFS ने की है। खास बात यह है कि इन लकड़ियों को अवैध रूप से जंगल से काटकर CAF के जवानों द्वारा लाया जाना बताया जा रहा है।
मामला शुक्रवार की दोपहर का है। खबर है कि इस कार्रवाई के बाद पुलिस व वन महकमे के आला अफसरों के बीच फोन पर बातचीत का दौर भी चला। लेकिन प्रशिक्षु IFS मनीष कश्यप अपनी बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि उनके रहते अब जंगलों की अवैध कटाई नहीं हो सकेगी। अगर गडबड़ होती है तो कार्रवाई भी जरूर होगी।
बताया जा रहा है कि CAF के जवानों द्वारा जंगल से लकड़ी काटकर ट्रक में लाए जाने की सूचना प्रशिक्षु IFS को मिली थी। इसके बाद वे वन अमले के साथ गीदम के पुराने थाना परिसर पहुंचे और लकड़ी से जुड़े दस्तावेज की मांग की। मौके पर मौजूद जवानों द्वारा संबंधित दस्तावेज नहीं दे पाने की स्थिति में उन्होंने मातहत कर्मचारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वन अफसर ने साफ कहा कि जंगल को काटने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। जलाऊ लकड़ी भी जवानों को नियमत: डिपो से खरीदना पड़ेगा। इसके बाद ट्रक को जब्त कर गीदम के निस्तार डिपो में भेज दिया गया। सूत्र बताते हैं कि इसके बाद से ही प्रभारी एसडीओ के पास पुलिस विभाग से फोन कॉल्स आने लगे पर वे टस से मस नहीं हुए।
बता दें कि गीदम व बारसूर क्षेत्र अवैध लकड़ी कटाई का स्वर्ग माना जाता है। क्षेत्र की संवेदनशीलता के लिहाज से वन तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने से वनकर्मी खौफ खाते हैं। इसी का फायदा उठाते वन तस्कर क्षेत्र में लंबे अरसे से अपने काले कारोबार का साम्राज्य चला रहे हैं। अब वन अफसर की इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करों की फेहरिस्त में पुलिस का नाम भी जुड़ गया है। इसे लेकर पुलिस महकमे में भी हड़कंप की स्थिति बन गई है।
इस मसले पर प्रशिक्षु IFS मनीष कश्यप का कहना है कि जब्त किए गए ट्रक में अवैध लकड़ी भरी हुई थी। पूछताछ के दौरान संबंधितों के पास लकड़ी से जुड़े दस्तावेज नहीं थे। इसलिए लकड़ी को निस्तार डिपो में जमा करवा दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है।
loading...



Post A Comment: