दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। दंतेवाड़ा में इन दिनों जिला प्रशासन का एक आयोजन लोगों की रातों की नींद उड़ाए हुए है। यहां आयोजित अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में देर रात तक तेज आवाज में DJ बजाया जा रहा है। बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले क्रिकेट के नाम पर हो रहे इस शोर-शराबे से स्कूली बच्चों की पढ़ाई जहां चौपट हो रही है, वहीं रिजल्ट खराब होने की आशंका पालक जता रहे हैं।
विगत 25 जनवरी से नगर के फ्लड लाईट क्रिकेट स्टेडियम में इंटर स्टेट क्रिकेट स्पर्धा आयोजित की जा रही है। जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप द्वारा इसका शुभारंभ किया गया। IPL की तर्ज पर हो रहे इस टूर्नामेंट में हर चौके-छक्के और विकेट गिरने पर DJ की धुन तेज आवाज में बज रही है। यह मैच का लुत्फ ले रहे दर्शकों के लिए तो रोमांचक है पर परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे छात्रों, बुजुर्गों और मरीजों लिए बड़ी मुसीबत साबित हो रहा है।
रोक लगाने में प्रशासन नाकाम :
बता दें कि शोर-शराबे का यह सिलसिला पिछले 6 दिनों से बदस्तूर जारी है। देर रात तक चल रहे शोरगुल से आसपास के लोगों को हो रही परेशानी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी एसडीएम डॉ. सुभाष राज को भी दी गई। साथ ही अनुरोध किया गया कि कम से कम रात 10 बजे के बाद तो इस पर रोक लगाई जाए। उन्होने इसे संज्ञान में लेते हुए इस पर रोक लगाने का आश्वासन भी दिया पर उनकी इस बात पर अमल होता नहीं दिख रहा है।
सोमवार की रात भी साढ़े 12 बजे तक लाउड स्पीकर व DJ की कानफोडू आवाज लोगों को हलाकान करती रही। ऐसे में इस आयोजन की टाइमिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि टूर्नामेंट के मैचों को देर रात तक कराने की बजाय रात 10 बजे तक खत्म कर दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई पर इसका प्रतिकूल असर ना पड़ सके।
सोशल मीडिया पर चल रही बहस :
बोर्ड परीक्षाओं के ठीक पहले क्रिकेट के नाम पर हो रहे बेवजह के शोरगुल को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस चल पड़ी है। फेसबुक व व्हाट्सएप्प पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि प्रशासन को बच्चों की पढ़़ाई से ज्यादा क्रिकेट की फिक्र है। इसी वजह से स्टेडियम में देर रात तक बेखौफ डीजे बजाया जा रहा है। चूंकि आयोजन में जिला प्रशासन की सहभागिता है इसलिए स्थानीय लोग अब कार्रवाई की उम्मीद छोड टूर्नामेंट के खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।
क्या कहता है नियम :
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नहीं किया जा सकता। यदि आवश्यक हो तो इसके लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होती है, जिस पर प्रशासन जांच करके ही अनुमति देता है। पर यहां सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का खुलेआम मखौल उड़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिले के आला अफसरों के बंगले के सामने यह सब हो रहा है इसके बावजूद इस पर लगाम नहीं लग पा रही है।
Read More : धार्मिक तस्वीर के अपमान मामले में शांति समिति की बैठक के बाद दंतेवाड़ा में खत्म हुआ तनाव




Post A Comment: