बीजापुर @ खबर बस्तर। यहां से 15 किमी दूर मोदकपाल के स्कूलपारा में एक किराना स्टोर में बीती रात करीब 12 बजे चोरी करने घुसे दो संदेही आग लग जाने से वहीं बुरी तरह झुलसकर भाग गए। इनमें से एक आरोपी 90 प्रतिशत झुलस गया। इस घटना में किराना स्टोर के संचालक को करीब 25 लाख रूपए का नुकसान हुआ है।
मोदकपाल के व्यापारी यालम समैया की स्कूलपारा में ही रोहित किराना स्टोर है। रात करीब 12 बजे दुकान में आग लग गई। इस बात की सूचना आसपास के लोगों ने उसे आकर दी। बताया गया है कि दुकान से गोलीबारी और बम फटने की आवाज आ रही थी। इससे थाने में तैनात डीएफ व सीआरपीएफ के जवान भी अलर्ट हो गए।
पुलिस को भी ग्रामीणों ने खबर की। जब तक लोग कुछ समझ पाते लगभग पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। मोदकपाल थानेदार वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि जब ग्रामीणों ने खबर दी तो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
रविवार की तड़के करीब चार बजे कोतवाली के सब इंस्पेक्टर रोशन सिंह ने मोदकपाल थाने को बताया कि दो संदेही बीजापुर तहसीलपारा निवासी गोपाल कोर्राम व डारापारा निवासी अशोक अलसा झुलसी हालत में जिला हाॅस्पिटल में पहुंचे हैं। और उन्होंने जलने का कारण आत्महत्या की कोशिश बताया है।
यह भी पढ़ें... तेज रफ्तार ट्रक ने टाटा Ace वाहन को पीछे से मारी ठोकर... ड्राइवर समेत साप्ताहिक बाजार जा रहे 8 ग्रामीण घायल
पुलिस की कड़ी पूछताछ में उन्होंने कबूला कि वे मोदकपाल में रोहित किराना स्टोर में चोरी की नीयत से घुसे थे। इस दौरान दुकान में आग लग गई। इससे वे झुलस गए। समझा जाता है कि दोनों आरोपी नशे में थे और आग लगने का पता उन्हें नहीं चल पाया। दिलचस्प बात यह है कि झुलसने पर वे बाइक से खुद ही जिला हाॅस्पिटल पहुंचे।
बता दें कि दोनों आरोपी पहले मोदकपाल में रहते थे। उन्होंने मोदकपाल में किराना दुकान में पहले भी कोल्ड ड्रिंक्स व सिगरेट आदि चुराने की बात पूछताछ के दौरान कोतवाली पुलिस को बताई। अशोक अलसा 90 फीसदी झुलस गया है। उसे आईसीयू में रखा गया है। गोपाल को भी भर्ती किया गया है।
सब कुछ जल कर ख़ाक : किराना स्टोर के मालिक यालम समैया ने बताया कि इसके पहले भी उनकी दुकान में दो बार चोरी हुई है, लेकिन आगजनी कभी नहीं हुई। उन्होंने किराने के सामान के अलावा दुकान में लाख, धान, चरोटा बीज, पेट्रोल आदि रखा था। एक अनुमान के मुताबिक उन्हें करीब 25 लाख रूपए का नुकसान हुआ है।
बीजापुर से पंकज दाऊद की रिपोर्ट...



Post A Comment: