दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। जिले के 23 हजार स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'बच्चों से संवाद' कार्यक्रम को सुना। एजुकेशन सिटी के ऑडिटोरियम में 1 हजार बच्चों ने एक साथ इस संवाद कार्यक्रम को सुना। दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी देशभर के बच्चों को एक साथ संबोधित करते हुए परीक्षा पूर्व बच्चों को तनाव से मुक्त रहने के टिप्स साझा कर रहे थे।
दक्षिण बस्तर में रेडियो और टेलीविजन के जरिये भी प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को बच्चों ने देखा एवं सुना। कार्यक्रम को सुनने के बाद जावंगा के स्कूल में पढ़ने वाले छात्र दीपेश, मीमांसा, राधा, अंजली, स्नेहा ने बताया कि परीक्षा के वक्त हमारा तनाव काफी बढ़ जाता है। परीक्षा के नाम से ही घबराहट होने लगती है।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हमें परीक्षा की तैयारी व तनाव से मुक्त रहने संबंधी महत्वपूर्ण सलाह दी है। अब इन्हीं टिप्स को आत्मसात कर हम आगे बढ़ेंगे। बच्चों ने यह भी कहा कि कड़ी मेहनत करेंगे एवं हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। बता दें कि ऑडिटोरियम में लगे प्रोजेक्टर में एजुकेशन सिटी के 1000 बच्चों ने एक साथ प्रधानमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ जगदीश सोनकर, डीईओ डी समैया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


Post A Comment: