कोण्डागांव @ खबर बस्तर। गुरूवार को कोंडागांव पुलिस ने नक्सल आॅपरेशंस में एक और कामयाबी हासिल की। या यूं कहें जवानों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और माओवादियों के नापाक मंसूबे नाकामयाब हो गए। दरअसल, सुरक्षा बल के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से दो नक्सली जिंदा टिफिन बम लेकर घूम रहे थे। जिन्हें सर्चिंग पर निकले जवानों ने धर-दबोचा।
जानकारी के मुताबिक जिले के मर्दापाल थाने से जिला पुलिस बल, एसटीएफ और आईटीबीपी 41वीं वाहिनी की ज्वाइंट पार्टी एरिया डोमिनेशन पर निकली थी। गश्त के दौरान राजा-रानी पहाड़ से लगे जंगल के पास फोर्स को देखकर दो संदिग्ध लोग झाड़ियों में छिप रहे थे। इन्हें पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में संदिग्धों ने अपना नाम पार्वती कोर्राम पिता गान्डो निवासी और रामधर सोरी पिता डुण्डीराम सोरी बताया। पुलिस के मुताबिक दोनों जनमिलिशिया सदस्य हैं। तलाशी लेने पर इनके पास से 18 किलो का जिंदा टिफिन बम और बिजली वायर बरामद किया गया। दोनों ही टेमरूगांव थाना धौड़ाई जिला नारायणपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने सिमेंट बोरी में भारी मात्रा में नक्सली बैनर व नक्सली साहित्य भी बरामद किया है। पूछताछ में इन्होने कबूल किया है कि उनके पास से बरामद टिफिन बम से वे सड़क निर्माण में लगे वाहनों और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने वाले थे। लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबे में सफल होते पुलिस ने उन्हे पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के विरूद्ध मर्दापाल थाने में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया है।
देखिए Exclusive वीडियो...


Post A Comment: