दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार को कलेक्टोरेट का घेराव किया गया। इस दौरान कलेक्टोरेट के मेन गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों व कांग्रेसियों के बीच हल्की झूमा-झटकी भी हुई। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रशासन को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में 9 सूत्री मांगों का जिक्र किया गया है, जिनमें शासन द्वारा घोषित फसल की सूखा क्षतिपूर्ति/मुआवजा राशि प्रदान करने, फसल की बीमा राशि देने, बेमौसम बारिश/ओलावृष्टि से रबि फसल के नुकसान का आंकलन कर क्षतिपूर्ति प्रदान करने, किसानों का पूर्णत: कर्ज माफ करने, मनरेगा के माध्यम से शीघ्र रोजगार दिए जाने, मनरेगा का लंबित भुगतान प्रदान करने जैसी मांगें शामिल हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल सुराना ने बताया कि प्रदेश के 21 जिलों के 96 तहसील को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। पर सूखाग्रस्त किसानों को अभी तक कोई राशि या फसल बीमा का लाभ नही मिला है। कांग्रेस ने इन सभी मांगों को लेकर आज कलेक्टोरेट का घेराव किया है। हमारी मांग है कि सरकार किसानों का पूरा कर्ज माफ करे। साथ ही विभिन्न पदों पर स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता दी जाए।
पूर्व विधायक के कृत्य की निंदा : प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा नेता व पूर्व विधायक भीमा मण्डावी द्वारा दंतेवाड़ा के एक पत्रकार को धमकी देने के मामले की कड़ी निंदा करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नपा अध्यक्ष दीपक कर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तुलिका कर्मा, वीरेन्द्र गुप्ता, पीएन उरकुड़े, सलीम रज़ा उस्मानी, सुलोचना कर्मा, फिरोज नवाब, विप्लव मलिक, उस्मान खान, मनोज साहा, विमल सलाम समेत अनेक कांग्रेसी मौजूद थे।
देखिए वीडियो...
यह भी पढ़िए... भाजपा के पूर्व विधायक की दबंगई : अखबार में छपी खबर को लेकर पत्रकार को दी धमकी, मचा बवाल !
loading...


Post A Comment: