प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की कुर्सी पर काबिज हो चुके हैं कई वित्त मंत्री... क्या अरूण जेटली के साथ होगा ये करिश्मा..?
        न्यूज डेस्क @ खबर बस्तर। भारत में वित्त मंत्री की कुर्सी आधा दर्जन नेताओं के लिए बेहद लकी साबित हुई है। वित्त मंत्री बनने के बाद आगे चलकर उनके नाम के आगे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति का पदनाम भी सुशोभित हुआ। इस फेहरिस्त में मोरारजी देसाई से लेकर मनमोहन सिंह तक के नाम शामिल हैं। गुरूवार को 5वीं दफे आम बजट पेश करने वाले अरूण जेटली को लेकर लोगों की निगाहें टिकी है कि क्या उनके साथ भी भविष्य में यह करिश्मा ​होगा..!  

दरअसल, देश के इतिहास में नजर डालें तो वित्त मंत्रालय के महत्व और रसूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई नेताओं ने प्रधानमंत्री रहते हुए वित्तमंत्री का पद भी अपने पास रखा। पंडित नेहरू से लेकर इंदिरा और राजीव गांधी तक ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में बतौर वित्तमंत्री देश का आम बजट भी पेश किया। 

      बात शुरू करते हैं मोरारजी देसाई से... मोरारजी दो बार देश के वित्तमंत्री बने। पहले 13 मार्च 1958 से 29 अगस्त 1963 तक और फिर 13 मार्च 1967 से 16 जुलाई 1969 तक उन्होंने वित्त मंत्री की कुर्सी संभाली। वित्तमंत्री की कुर्सी ने उनकी किस्मत कुछ ऐसी बदली कि वे बाद में 24 मार्च 1977 को देश के प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए। 



        चौधरी चरण सिंह भी इस मामले में भाग्यशाली रहे। वे जनवरी 1979 से जुलाई 1979 के बीच वित्तमंत्री बने। फिर उनकी भी किस्मत चमकी और वे 1979 से 1980 के बीच प्रधानमंत्री के पद पर काबिज हुए। हालांकि, उन्हें कभी देश का आम बजट पेश करने का मौका नहीं मिला। 



        विश्वनाथ प्रताप सिंह राजनीतिक राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो वे दिसंबर 1984 से एक जनवरी 1987 तक वित्तमंत्री रहे। फिर बाद में उनका भी प्रमोशन बतौर प्रधानमंत्री हुआ। उन्होंने 2 दिसंबर 1989 से 10 नवंबर 1990 तक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। यानी वीपी सिंह के लिए भी वित्तमंत्री की कुर्सी काफी फायदेमंद साबित हुई। 



       आर. वेंकटरमन ने तो वित्तमंत्री के पद से राष्ट्रपति तक का सफर तय किया। वे 14 जनवरी 1980 से 15 जनवरी 1982 के बीच देश के वित्तमंत्री रहे और तीन बार बजट भी पेश किया। इसके बाद आर. वेंकटरमन 31 अगस्त 1984 से 24 जुलाई 1987 के बीच उप राष्ट्रपति और बाद में 25 जुलाई 1987 से 25 जुलाई 1992 तक राष्ट्रपति रहे।

        रिजर्व बैंक के गवर्नर रह चुके मनमोहन सिंह ने 1991-1996 के बीच देश के वित्तमंत्री की कुर्सी संभाली। इसी कार्यकाल में उन्होंने लाइसेंसराज खात्म किया और देश को उदारीकरण के दौर में ले गए। वित्तमंत्री बनने के बाद उनके भाग्य ने उस वक्त करवट बदली, जब 2004 में चुनावों में जीत के बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अप्रत्याशित रूप से पीएम पद के लिए उनका नाम फाइनल किया। इसके बाद 10 साल तक वे प्रधानमंत्री बने रहे। 



       कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणव मुखर्जी 1982 से 1984 के बीच वित्तमंत्री रहे। फिर जब मनमोहन सिंह दूसरी बार प्रधानमंत्री रहे तो 2009 से 2012 तक उन्हें फिर वित्तमंत्री की जिम्मेदारी मिली। उनके लिए भी वित्तमंत्री की कुर्सी लकी साबित हुई और वे जुलाई 2012 में राष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचे। उन्होंने देश के लिए सात बार आम बजट पेश किया। उनसे ज्यादा बार बजट पेश करने का सौभाग्य मोरारजी देसाई और पी. चिदंबरम को मिला।  



        मोदी सरकार में वित्त मंत्री अरुण जेटली 5 बार बजट पेश कर चुके हैं। अब लोगों की निगाहें जेटली पर जाकर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या जेटली बाकी वित्तमंत्रियों की तर्ज पर आगे चल कर पीएम या राष्ट्रपति की कुर्सी पर पहुंच पाएंगे या नहीं..! हालांकि, इसका जवाब भविष्य के गर्भ में छिपा है, लेकिन बजट के बाद से लोगों के बीच यह चर्चा जरूर छिड़ गई है। 

व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े

खबर बस्तर व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए हमारे मोबाईल नंबर 7869540040 को आप अपने मोबाईल में नंबर सेव किजिये फिर अपने मोबाइल से एक व्हाट्स एप्प मैसेज कीजिये जिसमे आपका नाम और सेवा शुरू करे लिखे अगले 24 घण्टे में जिले और आपके क्षेत्र की ताजा और सटीक खबरे आपके मोबाइल पर निःशुल्क न्यूज़ सेवा शुरू कर दी जाएगी

Post A Comment: