बीजापुर @ खबर बस्तर। छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके के जंगलों में एक डाॅक्टर को बंदूक लिए सीआरपीएफ के जवानों के साथ गश्त में देखा जा सकता है। ये डाॅक्टर जंगल में मुठभेड़ होने पर घायल नक्सलियों की जान बचा सकते हैं और उन पर हमला हुआ तो वे जान ले भी सकते हैं।
दरअसल, ये चिकित्सक हैं सीआरपीएफ की 85 बटालियन के डिप्टी कमाण्डेंट डाॅ. सुनील धाकड़। वे बटालियन में बतौर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। वे करीब ढाई साल से यहां पदस्थ हैं। पहले वे कैम्प में ही जवानों व ग्रामीणों का उपचार करते थे। 85 बटालियन में कमाण्डेंट सुधीर कुमार की पोस्टिंग के बाद वे गांवों में ग्रामीणों के इलाज के लिए जाने लगे। फिर कमाण्डेंट की प्रेरणा पर वे आॅपरेशन में जा रहे हैं।
डाॅ. धाकड़ का कहना है कि उनके पेशे का धर्म लोगों की जान बचाना है लेना नहीं। वे गश्त में इसलिए भी जाते हैं क्योंकि वहां घायल जवानों को तुरंत उपचार मिल जाए। वे मुठभेड़ के दौरान घायल और पकड़े गए नक्सलियों का भी उपचार करेंगे। हालांकि, अब तक ऐसी स्थिति नहीं आई है, लेकिन उन्होंने गश्त के दौरान एक बार नक्सलियों को गोली चलाकर भागते देखा था।
Read More : किडनी की बीमारी से जूझ रही नेहा की मदद को उठ रहे सैकड़ों हाथ... किडनी ट्रांसप्लांट कराने 'चैरिटी शो' करवा रहे जगदलपुरियंस
उनका कहना है कि सीआरपीएफ हमेशा अहिंसा की पक्षधर रही है और कमाण्डेंट सुधीर कुमार हमेशा सरेण्डर की अपील करते रहे हैं। यदि मुठभेड़ के दौरान कोई हथियार डाल देता है तो उसका स्वागत है लेकिन जवानों पर हमला करने वाले नक्सलियों को छोड़ा भी नहीं जाएगा।
ग्रामीण खुद आते हैं इलाज कराने
कमाण्डेंट सुधीर कुमार का कहना है कि उनके कार्यक्षेत्र में आने वाले 70 गांवों के लोग कैम्प में खुद चलकर इलाज करवाने आते हैं। बड़ी संख्या में मरीजों को उपचार सीआरपीएफ के माध्यम से किया गया है।
गंभीर केस आने पर मरीजों को रिफर किया जाता है और इसका पूरा खर्च बटालियन वहन करती है। बटालियन की एक मोबाइल मेडिकल टीम भी है। ये गांवों में जाकर मरीजों का उपचार करती है। बटालियन के मुख्यालय गंगालूर रोड में परिवर्तन कैम्प में भी मरीज आते है।
बीजापुर से पंकज दाऊद की रिपोर्ट...
loading...



Post A Comment: