दंतेवाड़ा @ खबर बस्तर। नक्सल हिंसा से पीड़ि़त सौ से अधिक परिवार के सदस्यों द्वारा मंगलवार को रैली निकालकर समाज सेवी व आप नेत्री सोनी सोरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रैली उपरांत कलेक्टोरेट पहुंच ग्रामीणों ने राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
पुलिस लाइन कारली मेें सैकड़ों की संख्या में नक्सल पीड़ि़त ग्रामीण एकत्र हुए और कारली-दंतेवाड़ा मुख्य मार्ग पर रैली निकाली गई। रैली में नक्सल पीड़ि़तों ने आप नेत्री मुर्दाबाद, सोनी सोरी भगाओ-बस्तर बचाओ के नारे लगाए और सोनी सोरी को नक्सलियों का हिमायती बताया। रैली के बीच-बीच में माओवादी मुर्दाबाद के भी नारे लगाए गए।
Read More : स्कूल में नहीं था टॉयलेट... बच्ची ने प्रिंसिपल को दी अर्जी, लिखा- काट दीजिए मेरा नाम, नहीं पढ़ना मुझे यहां !
रैली में महिलाएं, पुरूष के अलावा छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे। सबने एक स्वर में सोनी सोरी की जमकर खिलाफत की और उन्हें देशद्रोही तक कह डाला। नक्सल पीडि़तों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल थे, जो रैली का पूरी तरह समर्थन कर रहे थे। रैली में शामिल ग्रामीण मुख्य सड़क से होते हुए सीधे कलेक्टोरेट पहुंचे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम सुभाष राज को सौंपा।
प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि नक्सली आए दिन बेगुनाह ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। अब तक हजारों आदिवासियों की बेरहमी से माओवादियों ने हत्या की है। ग्रामीण नक्सलियों के दबाव में अपना घर बार छोडक़र भटक रहे हैं। इस हिंसा की आग में सबसे ज्यादा नुकसान बस्तर के आदिवासियों का हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा बलों के आॅपरेशन या किसी एनकाउंटर में तब कोई माओवादी मारा जाता है तो नक्सलियों की ओर से मोर्चा सम्हालते सोनी सोरी सामने आ जाती हैं। वे हमेशा नक्सलियों की हिमायती बनकर पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाने लगती हैं। जबकि जब कोई पुलिस कर्मी शहीद होता है तो उसके लिए सोनी सोरी कभी खड़ी नहीं होती। उनके मुंह से संवेदना के दो शब्द भी नहीं निकलते।
Read More : बस्तर में माओवाद के खिलाफ फिर भड़क उठी 'अग्नि'... संस्था के सदस्यों ने पुतला फूंक बताया नक्सलियों को कायर !
इस रवैये से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि आप नेत्री राजनीति की आड़ में नक्सलियों का खुले आम समर्थन करती हैं। उनके इसी कृत्य से नक्सलियों को बढावा मिल रहा है। लिहाजा सोनी सोरी को पूर्व में माननीय न्यायालय द्वारा दी गई जमानत याचिका को रद्द करते हुए उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई की जाए यह मांग अपने ज्ञापन में नक्सल पीडि़तों ने की है। रैली में कारली बेस कैम्प के अलावा, नेलसनार, भैरमगढ़ व बीजापुर के भी परिवार शामिल थे।
देखिए वीडियो...



Post A Comment: